उदयपुर मे 25 अक्टूबर से 10 नवंबर तक सड़क खुदाई पर रहेगी रोक

 | 
Ban Digging in Udaipur from 25 Oct to 11 Nov

 

Udaipur Times, UMC, Udaipur News: उदयपुर शहर में विभिन्न विभागों एवं कार्यकारी एजेंसियों द्वारा सड़क खुदाई के कारण उत्पन्न अव्यवस्था, क्षतिग्रस्त सड़कों और आमजन को हो रही परेशानियों के समाधान को लेकर नगर निगम महापौर पारस सिंघवी ने शुक्रवार को निगम कार्यालय में संबंधित विभागों एवं कार्यकारी एजेंसियों की बैठक आयोजित की।

बैठक में महापौर ने दीपावली पर्व से पूर्व शहर की सभी खुदी हुई सड़कों की मरम्मत करवाने, विभागों के बीच आपसी समन्वय स्थापित करने तथा सड़क खुदाई के कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार करने के सख्त निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने भी नियमों की अवहेलना करने वाली एजेंसियों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी दी।

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि महापौर पारस सिंघवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए है। 15 दिवस पश्चत्य पुनः समीक्षा बैठक का आयोजन किया जाएगा।

दीपावली से पहले खुदी सड़कों की हो मरम्मत

महापौर पारस सिंघवी ने निर्देश दिए कि दीपावली पर्व से पहले शहर में विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों द्वारा खोदी गई सभी सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता से करवाई जाए। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। वर्तमान में किन-किन स्थानों पर कार्य बाकी है, कौनसे कार्य कब शुरू होंगे और कब तक पूरे किए जाएंगे, इसकी विस्तृत जानकारी नगर निगम को उपलब्ध करवाई जाए, ताकि निगम अग्रिम कार्ययोजना तैयार कर सके।

25 अक्टूबर से 10 नवंबर तक सड़क खुदाई पर रोक

दीपावली पर्व के दौरान शहरवासियों को आवागमन में परेशानी नहीं हो, इसके लिए महापौर ने 25 अक्टूबर से 10 नवंबर तक शहर में किसी भी स्थान पर सड़क खुदाई नहीं करवाने के निर्देश दिए है। सभी विभागों एवं कार्यकारी एजेंसियों को इस अवधि से पहले आवश्यक कार्य पूर्ण करने तथा निगम अधिकारियों को खुदी हुई सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा गया।

बिना सूचना और अनुमति के खुदाई पर होगी कार्रवाई

महापौर ने कहा कि नई बनी सड़कों को बार-बार खोदने से सरकारी धन की बर्बादी होती है और शहर की व्यवस्था प्रभावित होती है। उन्होंने सभी विभागों को कार्य शुरू करने से पहले नगर निगम को सूचना देने, आवश्यक अनुमति लेने और कार्य की समयसीमा निर्धारित करने के निर्देश दिए। नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने स्पष्ट किया कि निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना कार्य शुरू करने वाली एजेंसियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। संबंधित एजेंसियों को कॉल बिफोर यू डिग सीबीयूडी (Call Before You Dig) प्रक्रिया के तहत आवश्यक जानकारी प्राप्त करने के बाद ही खुदाई शुरू करनी होगी।

अडानी गैस को जलदाय विभाग से समन्वय के निर्देश

बैठक में जल संसाधन विभाग द्वारा गैस पाइपलाइन बिछाने के दौरान कई स्थानों पर पानी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने का मुद्दा उठाया गया। महापौर ने अडानी गैस के प्रतिनिधि को निर्देश दिए कि खुदाई के दौरान संबंधित तकनीकी विशेषज्ञ की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा जल संसाधन विभाग से समन्वय स्थापित कर ही कार्य किया जाए। पानी की पाइपलाइन टूटने से नागरिकों को होने वाली परेशानी को गंभीरता से लेते हुए ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के निर्देश दिए गए। साथ ही महापौर ने पाइप लाइन बिछाने के बाद ही सड़क की मरम्मत करने के निर्देश दिए जिस पर अडानी गैस के प्रतिनिधि ने बताया कि गैस पाइपलाइन बिछाने के बाद घरों में कनेक्शन देने तथा संभावित गैस रिसाव की जांच पूरी करने के उपरांत ही संबंधित स्थान पर डामरीकरण किया जाता है।

सीवरेज लाइनों पर नगर निगम लगाएगा मार्का

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने अधीक्षण अभियंता मनीष अरोड़ा को निर्देश दिए कि नगर निगम द्वारा शहर में जहा सीवरेज लाइन डाली जा रही है या भविष्य में डाली जाएगी  वहां लाइन की स्थिति दर्शाने के लिए मार्का लगाया जाए। इससे भविष्य में किसी अन्य विभाग या कार्यकारी एजेंसी द्वारा खुदाई किए जाने पर संबंधित स्थान पर सीवरेज लाइन होने की जानकारी मिल सकेगी और पाइपलाइन को नुकसान से बचाया जा सकेगा।

नए सम्मिलित क्षेत्रों में जल व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश

महापौर पारस सिंघवी ने नगर निगम में हाल ही में सम्मिलित नए क्षेत्रों में पानी की व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित जलदाय विभाग को आवश्यक  कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नए क्षेत्रों के नागरिकों को भी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्राथमिकता है।

शहर की बावड़ियों की सफाई एवं पानी की गुणवत्ता की होगी जांच

बैठक में जल संसाधन विभाग द्वारा शहर की कुछ बावड़ियों की सफाई करवाने की आवश्यकता बताई गई। इस पर महापौर ने विभाग को सभी संबंधित बावड़ियों की सूची तत्काल नगर निगम को उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए, ताकि उनकी सफाई की कार्ययोजना बनाकर शीघ्र कार्य करवाया जा सके। विभाग ने बताया कि वर्तमान में इन बावड़ियों का पानी पीने योग्य नहीं है। पहले मौजूदा पानी निकाला जाएगा और इसके बाद बावड़ियों में आने वाले नए पानी की गुणवत्ता की जांच करवाई जाएगी। जांच में पानी पीने योग्य पाए जाने पर ही उसका उपयोग किया जाएगा।

पंद्रह दिन बाद पुनः होगी समीक्षा बैठक

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने सभी अधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसियों को निर्देश दिए कि बैठक में लिए गए निर्णयों की समयबद्ध पालना सुनिश्चित की जाए। पंद्रह दिन बाद पुनः समीक्षा बैठक आयोजित कर कार्यों की प्रगति, सड़क मरम्मत, विभागीय समन्वय और अन्य निर्णयों के क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी।

बैठक में नगर निगम के अधीक्षण अभियंता मनीष अरोड़ा, अधिशासी अभियंता अखिल गोयल, महेंद्र संवदानी, जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेंद्र चौधरी सहित एयरटेल, अडानी गैस एवं अन्य कार्यकारी एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News