उदयपुर में 7 से 12 सितंबर तक होगी वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा
सुबह 9 बजे बाद प्रवेश केंद्र में नहीं मिलेगा प्रवेश
उदयपुर 6 सितंबर 2025। राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा 2024 (माध्यमिक शिक्षा) 7 से 12 सितंबर तक आयोजित होगी।
इसके लिए ज़िला कलक्टर नमित मेहता के निर्देशन में प्रशासन ने तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। प्रदेश भर में बारिश के दौर के बीच आयोग ने स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं कि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में 9 बजे बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ऐसे में अभ्यर्थियों से समय से पूर्व परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने की अपील की गई है।
अतिरिक्त ज़िला कलक्टर प्रशासन एवं परीक्षा समन्वयक दीपेंद्रसिंह राठौड़ ने बताया कि वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा के तहत 7 सितंबर को ग्रुप A के सुबह 10 से 12 बजे तक सामान्य ज्ञान का तथा दूसरी पारी में दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक सामाजिक विज्ञान का पेपर होगा। दोनों पारियों में 31 हजार 128 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
ADM दीपेंद्रसिंह राठौड़ ने बताया कि परीक्षा केंद्र में अभ्यर्थियों का प्रवेश परीक्षा के निर्धारित समय से एक घंटे पूर्व तक ही हो पाएगा। इसके बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
समय से पहले पहुंचने की अपील
बारिश के मौसम को देखते हुए ज़िला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम समय के भरोसे नहीं रहकर समय से पहले ही परीक्षा केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो और वे परीक्षा से वंचित नहीं रहें।
#RPSC #SeniorTeacherExam #UdaipurNews #RajasthanJobs #TeacherRecruitment #ExamAlert #UdaipurTimes
