कोर्ट चौराहा हनुमान जी मंदिर के बाहर से हटाई दुकानें
उदयपुर 12 अगस्त 2025। उदयपुर नगर निगम द्वारा मंगलवार को एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए कोर्ट चौराहा स्थित हनुमान जी मंदिर के बाहर निगम की संपत्ति पर निर्मित दुकानों को हटाकर एलिवेटेड रोड निर्माण का कार्य पशस्त किया है ।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि मंगलवार को सवेरे नगर निगम राजस्व अधिकारी भटनागर के नेतृत्व में राजस्व निरीक्षक मोहित अग्निहोत्री, विजय जैन, राहुल मीणा, सहायक अभियंता सुनील प्रजापत आदि की टीम द्वारा कोर्ट चौराहा स्थित हनुमान जी मंदिर के बाहर बनी दो दुकानों को हटाया गया जिससे एलिवेटेड रोड बनने का मार्ग पूरी तरह प्रशस्त हो गया है। अब मंदिर के चौक में निगम द्वारा पहले दीवार और बड़े प्रवेश द्वार का निर्माण करवाया जाएगा उसके पश्चात मंदिर के हिस्से को व्यवस्थित रूप से हटाने का कार्य किया जाएगा।
आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया है कि मुख्य मंदिर के भौतिक स्वरूप में किसी भी प्रकार का कोई भी बदलाव नहीं किया जाएगा। आयुक्त ने बताया कि यह संपूर्ण कार्य शहर के विकास में पूरी तरह आपसी सामंजस्य स्थापित कर संपन्न किया गया।
आयुक्त खन्ना के अनुसार कुल चार मीटर भूखंड पर बने निर्माण को हटाकर रोड को चौड़ा किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों की रही प्रमुख भूमिका। नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि इस कार्य में शहर विधायक ताराचंद जैन एवं धार्मिक संस्थाओं से जुड़े पदाधिकारीयो का प्रमुख सहयोग रहा है। यहां मार्ग सकड़ा होने के कारण एलिवेटेड रोड के निर्माण में समस्या हो सकती थी लेकिन अब शहर विकास में बनने वाले एलिवेटेड रोड का मार्ग पूरी तरह प्रशस्त हो चुका है।
