SI भर्ती परीक्षा: दूसरे दिन की परीक्षा भी शांतिपूर्ण सम्पन्न
उदयपुर 6 अप्रैल 2026। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की सब इंस्पेक्टर (SI) भर्ती परीक्षा का आज दूसरा दिन शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित हुआ। परीक्षा दो पारियों में कराई जा रही है। पहली पारी सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चली, जिसके लिए अभ्यर्थियों को सुबह 9 से 10 बजे के बीच कड़ी जांच के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। इस पारी में करीब 55.71 फीसदी अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया।
ज्यादातर छात्रों ने हिंदी के पेपर को आसान बताया। छात्रों का कहना है कि पेपर पूरी तरह सिलेबस के अंदर से आया और लोकोक्तियां, मुहावरे जैसे सवाल काफी सीधे थे। हालांकि, कई अभ्यर्थियों ने GK के पेपर को लेकर थोड़ी चिंता भी जताई।
परीक्षा देने आए छात्र रमेश कुमार ने बताया कि पहला पेपर हिंदी का था, जो काफी आसान लगा। उन्होंने कहा कि “कल के मुकाबले आज का पेपर ज्यादा आसान था और भाषा भी सरल थी।” वहीं, झाड़ोल से आई छात्रा ने कहा कि वह लंबे समय से SI की तैयारी कर रही हैं और पेपर में वही प्रश्न आए जो उन्होंने पढ़े थे। खासकर लोकोक्तियों और सिंधी समाज से जुड़े सवाल अच्छे स्तर के थे।
उदयपुर शहर की रहने वाली छात्रा ने बताया कि पेपर में शुद्ध-अशुद्ध, मुहावरे, विलोम और पर्यायवाची शब्दों को अच्छे तरीके से पूछा गया था। उन्होंने कहा कि “पहली बार पढ़ने में पेपर थोड़ा कन्फ्यूजिंग लगा, लेकिन दोबारा देखने पर सवाल आसान लगे और हल करना आसान हो गया।”
दूसरी पारी के लिए दोपहर 1 से 2 बजे तक एंट्री दी गई, जबकि परीक्षा 3 बजे से 5 बजे तक आयोजित होनी है। प्रत्येक पारी में 33,157 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। उदयपुर शहर में कुल 105 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 36 सरकारी और 69 निजी स्कूल-कॉलेज शामिल हैं। दो दिन में कुल 1 लाख 32 हजार 628 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
#RPSC #SIExam2026 #RajasthanJobs #UdaipurNews #GovtJobsIndia #PoliceRecruitment #ExamUpdate #RajasthanPolice #SIRecruitment #UdaipurExam #EducationNews #RajasthanNews #IndiaExams