उदयपुर के ऋषभदेव ब्लॉक के कल्याणपुर क्षेत्र में छह अवैध क्लीनिकों पर शिकंजा
Udaipur Times, Udaipur News: जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा झोलाछाप और अवैध रूप से संचालित चिकित्सा केंद्रों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत आज एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य के कड़े निर्देशों के पालन में स्वास्थ्य विभाग की एक विशेष संयुक्त टीम का गठन किया गया, जिसने पुलिस विभाग के साथ मिलकर ऋषभदेव ब्लॉक में औचक कार्रवाई की।
गठित टीम में डॉ. प्रणव भावसार (जिला क्षय अधिकारी),,डॉ. यशपाल भगोरा (खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी), डॉ. रितेश असोड़ा,,डॉ. मनोज कुमार मीणा, हेड कांस्टेबल-नारायण मीणा, कॉस्टेबल महेंद्र सिंह शक्तावत शामिल रहे।
गठित टीम ने ऋषभदेव ब्लॉक के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में दबिश देकर कुल छह (06) अलग-अलग अवैध क्लीनिकों पर प्रभावी कार्रवाई की। जाँच के दौरान यह पाया गया कि ये सभी क्लीनिक बिना किसी वैध क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट सर्टिफिकेट के संचालित हो रहे थे और इनके पास आधुनिक एलोपैथिक पद्धति से इलाज करने के लिए आवश्यक कानूनी व चिकित्सीय दस्तावेज नहीं थे।
छापेमारी के दौरान विशेष खुलासे
भारी मात्रा में अवैध दवाइयां व इंजेक्शन: इन क्लीनिकों से बिना लाइसेंस के भारी मात्रा में दवाइयां, एंटीबायोटिक्स और इंजेक्टेबल्स (इंजेक्शन) मिले, जिनका इस्तेमाल अवैध रूप से मरीजों पर किया जा रहा था।
बायो-मेडिकल वेस्ट का असुरक्षित निस्तारण: जाँच में यह भी पाया गया कि यहाँ बायो-मेडिकल वेस्ट (Biomedical Waste) का बेहद लापरवाहीपूर्ण और खतरनाक ढंग से निस्तारण किया जा रहा था। मेडिकल कचरे को नियमों के विरुद्ध यहाँ-वहाँ खुले में असुरक्षित तरीके से रखा गया था, जो जनस्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा था।
कार्रवाई के दायरे में आए क्लीनिकों के नाम: स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा जिन क्लीनिकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, उनके नाम निम्नलिखित हैं:
- सरस्वती क्लीनिक
- योगित क्लीनिक
- सत्यम क्लीनिक
- जनता ऑर्थो क्लीनिक
- अन्य दो बिना नाम के संचालित अवैध क्लीनिक
विभाग की कड़ी चेतावनी
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि आमजन के जीवन, स्वास्थ्य और पर्यावरण के साथ इस तरह का खिलवाड़ करने वाले किसी भी झोलाछाप या अवैध चिकित्सक को बख्शा नहीं जाएगा। क्षेत्र में इस प्रकार के अवैध क्लीनिकों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।