अवकाश के बावजूद कलक्टर ने किया स्मार्ट सिटी के कार्यों का निरीक्षण


अवकाश के बावजूद कलक्टर ने किया स्मार्ट सिटी के कार्यों का निरीक्षण

कलक्टर पोसवाल की विकास कार्यों के प्रति गंभीरता

 
smart city visit by collector

उदयपुर 30 जुलाई 2023 । जिला कलेक्टर अरविंद पोसवाल रविवार को एक्शन मोड में दिखे। रविवार अवकाश के बावजूद जिला कलक्टर पोसवाल ने सुबह से दोपहर तक निरंतर शहर का भ्रमण पर स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत पूर्ण हुए एवं वर्तमान में जारी विभिन्न विकास कार्यों को देखा। इस दौरान उन्होंने बारीकी से कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।

वेस्ट मैनेजमेंट, सिवरेज, हेरिटेज संरक्षण सहित विभिन्न कार्यों का किया अवलोकन

जिला कलक्टर सर्वप्रथम कुम्हारों का भट्टा स्थित कचरा संग्रहण ट्रांसफर स्टेशन पहुंचे। यहाँ उन्होंने कचरा प्राप्त करने और उसे वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट तक ले जाने की प्रक्रिया को देखा। स्मार्ट सिटी सीईओ अपर्णा गुप्ता ने उन्हें पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया। इसके बाद वे इंदिरा नगर कच्ची बस्ती में सिवरेज के कार्यों को देखने पहुंच गए। यहां तकनीकी कर्मचारियों ने उनसे सिवरेज के कार्य की जानकारी दी और घरों से वेस्ट निकलने और सिवरेज लाइन में मिल कर आगे निस्तारित होने की प्रोसेस का मौके पर ही प्रेजेंटेशन दिया। 

इसके बाद कलक्टर गोवर्धन सागर पहुंचे जहां उन्होंने नगर निगम द्वारा कराए गए लिंक रोड के कार्य का अवलोकन किया, साथ ही पार्क की व्यवस्थाओं को देखा। यहाँ निरीक्षण के बाद कलक्टर सीधे किशन पोल पहुंचे जहां हेरिटेज संरक्षण को लेकर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत हुए कार्य एवं फोर्ट वॉल पुनरुद्धार कार्यों को देख सराहना की।

वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में देखी पेयजल सप्लाई व्यवस्था

जिला कलक्टर निरीक्षण के दौरान माछला मगरा स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट पहुंचे। यहाँ एलएनटी के कार्मिकों द्वारा वॉटर ट्रीटमेंट एवं सप्लाई प्रक्रिया की जानकारी कलक्टर को दी गई। कलक्टर ने भी प्री-क्लोरीनेशन, क्लोरीनेशन, स्लज थिकनिंग, बैकवॉटर हैंडलिंग आदि को लेकर समीक्षा की। इसके पश्चात उन्हे एलएनटी की टीम ने प्लांट का विजिट कराया और यहाँ संपादित हो रहे कार्यों की जानकारी दी। 

नगर निगम के एसई मुकेश पुजारी ने उन्हें बताया कि यहाँ से वॉल सिटी में पेयजल सप्लाई हो रही है। कलक्टर ने शहर की पेयजल व्यवस्था को लेकर अधिकारियों से विस्तार में चर्चा भी की। अंत में कलक्टर आरएमबी कॉलेज के सामने निर्मित गुलाब बाग पार्किंग को देखने पहुंचे और दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान स्मार्ट सिटी सीईओ अपर्णा गुप्ता, एसीईओ प्रदीप सिंह सांगावत, निगम एसई मुकेश पुजारी सहित निगम एवं स्मार्ट सिटी के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal