स्मार्ट सिटी के कार्य जून 2024 तक पूर्ण कराएं: टी. रविकांत


स्मार्ट सिटी के कार्य जून 2024 तक पूर्ण कराएं: टी. रविकांत

उदयपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड की बोर्ड बैठक

 
smart city

उदयपुर 20 फरवरी 2024। उदयपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड की 24 वीं बोर्ड बैठक सोमवार देर शाम कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के वीसी हॉल में जिला कलक्टर अरविंद पोसवाल की उपस्थिति में हुई। इसमें स्मार्ट सिटी अध्यक्ष एवं स्वायत्त शासन विभाग के प्रमुख शासन सचिव टी. रविकांत वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से शामिल हुए।

बैठक में प्रमुख शासन सचिव ने स्मार्ट सिटी के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति जानी। उन्होंने सभी कार्य जून 2024 तक पूर्ण कराकर नगर निगम को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए। नगर निगम महापौर गोविन्दसिंह टांक ने अवगत कराया कि स्मार्ट सिटी द्वारा डर्टी लेन तथा पोलों के कार्यो को छोड़ कर अन्य कार्य किए गए हैं, जिन्हे स्मार्ट सिटी के माध्यम से कार्यरत फर्म एल एण्ड टी से ही पूर्ण कराना आवश्यक है। इसमें यदि धनराशि की आवश्यकता होती है, तब नगर निगम धनराशि उपलब्ध कराने को तैयार है। 

अध्यक्ष ने जिला कलक्टर अरविन्द पोसवाल को नगर निगम व स्मार्ट सिटी से समन्वय स्थापित करते हुए कार्य कराने पर उचित निर्णय लेने के निर्देश दिए। उन्होंने आयड़ नदी के कार्यो को भी मई 2024 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी उदयपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड़ सी.आर.देवासी, अतिरिक्त मुख्य अभियंता मोहनलाल सैनी सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal