स्मार्टफोन चोरी हो गया या गुम हो गया! तुरंत करे यह काम

 | 
Rajasthan Police Cyber Advisory

 

 

Udaipur Times,  Rajasthan Police Cyber Advisory: आज की तारीख मे स्मार्टफोन केवल बातचीत का जरिया  नहीं, बल्कि बैंकिंग, यूपीआई, ई-मेल, सोशल मीडिया, ओटीपी और निजी दस्तावेजों तक पहुंच रखने वाला डिजिटल साधन है। इसलिए मोबाइल गुम या चोरी होने पर केवल फोन की तलाश करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उससे जुड़े डिजिटल खातों को तत्काल सुरक्षित करना जरूरी है।

फोन गुम होते ही करे यह काम

1. फोन को तुरंत रिमोट लॉक करें: किसी दूसरे मोबाइल या कंप्यूटर से एंड्रॉयड के फाइंड माई डिवाइसअथवा आईफोन के फाइंड माई आईफोनकी मदद से फोन को रिमोट लॉक करें।

2. बैंकिंग और यूपीआई को सुरक्षित करें: अपने बैंक की आधिकारिक ऐप, वेबसाइट या कस्टमर केयर के माध्यम से मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई और डिजिटल वॉलेट को अस्थायी रूप से ब्लॉक/सुरक्षित करवाएं।

3. बैंक खाते पर नजर रखें: अपने बैंक खाते के लेन-देन की जांच करते रहें। कोई भी अनजान या संदिग्ध ट्रांजेक्शन दिखाई दे तो तत्काल बैंक को सूचित करें।

4. सिम कार्ड तुरंत बंद करवाएं: मोबाइल सेवा प्रदाता से संपर्क कर गुम हुए सिम कार्ड को तत्काल ब्लॉक करवाएं। मोबाइल नंबर का इस्तेमाल ओटीपी और अकाउंट रिकवरी में हो सकता है।

5. उसी नंबर का डुप्लीकेट सिम लें: अपने नंबर का रिप्लेसमेंट/डुप्लीकेट सिम प्राप्त करें। सिम दोबारा सक्रिय होने के बाद महत्वपूर्ण खातों की सुरक्षा सेटिंग्स जांचें।

6. सभी महत्वपूर्ण पासवर्ड बदलें: किसी दूसरे सुरक्षित डिवाइस से अपने जीमेल/ई-मेल, सोशल मीडिया और अन्य महत्वपूर्ण खातों के पासवर्ड बदलें। साथ ही रिकवरी ई-मेल और मोबाइल नंबर की जांच करें।

7. पुराने डिवाइस से लॉगआउट करें: अपने ऑनलाइन खातों की लॉग-इन डिवाइससूची जांचें और अनजान या पुराने डिवाइस से लॉगआउट करें। अकाउंट रिकवरी विकल्पों की भी समीक्षा करें।

8. टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन चालू करें: जीमेल/ई-मेल, सोशल मीडिया और अन्य महत्वपूर्ण खातों में टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) सक्रिय रखें।

9. पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं: मोबाइल गुम/चोरी होने की सूचना नजदीकी पुलिस थाने में दें और मोबाइल का आईएमईआई नंबर सुरक्षित रखें।

10. आईएमईआई को सीईआईआर पर ब्लॉक करवाएं: पुलिस शिकायत के बाद सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (सीईआईआर) के माध्यम से मोबाइल का आईएमईआई ब्लॉक करवाएं, ताकि चोरी/गुम हुए मोबाइल के दुरुपयोग को रोका जा सके।

याद रखें मोबाइल खोना सिर्फ एक डिवाइस खोना नहीं है। उसमें मौजूद बैंकिंग, यूपीआई, सिम और ऑनलाइन खातों की सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। इसलिए फोन गुम होते ही पहले डिजिटल खातों को सुरक्षित करें, फिर फोन की तलाश करें।

साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत

यदि मोबाइल गुम/चोरी होने के बाद किसी प्रकार की साइबर ठगी होती है या साइबर ठग ऐसा करने का प्रयास करते हैं, तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना/साइबर पुलिस थाना, साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल https://cybercrime.gov.in अथवा साइबर हेल्पलाइन 1930, राजस्थान साइबर हेल्पडेस्क 9256001930 / 9257510100 पर सूचना दें।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News