सवीना मंडी में ठोस कचरा प्रबंधन पर कार्यशाला
उदयपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा आयोजित
उदयपुर 2 अक्टूबर 2025। स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत सिटीज़ 2.0 परियोजना के तहत उदयपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा सवीना मंडी परिसर में ठोस कचरा प्रबंधन पर क्षमता निर्माण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य ठोस कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन, नियमों के अनुपालन एवं स्वच्छ उदयपुर के निर्माण में मंडी संघ, व्यापारियों और स्वच्छता कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वंदना चौहान (डीटीपी, उदयपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड) ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि “स्वच्छता केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक और संस्था की सामूहिक जिम्मेदारी है। मंडियों जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यदि कचरे का सही प्रबंधन किया जाए, तो न केवल पर्यावरण को लाभ होगा बल्कि व्यापारिक गतिविधियों में भी सुव्यवस्था आएगी।”
स्मार्ट सिटी टीम की ओर से डॉ. सी. पी. जीनगर ने “ठोस कचरा प्रबंधन नियम, 2016 में अपशिष्ट उत्पादकों एवं अपशिष्ट प्रबंधकों की भूमिका” विषय पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने समझाया कि किस प्रकार थोक फल एवं सब्जी मंडियों में उत्पन्न जैविक एवं अजैविक कचरे को अलग-अलग कर, पुन: उपयोग एवं वैज्ञानिक निस्तारण द्वारा न केवल नियमों का पालन किया जा सकता है बल्कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण भी बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर थोक फल सब्ज़ी मंडी सवीना के सचिव अरुण सिंह ने स्वागत भाषण किया तथा थोक फल सब्ज़ी मंडी सवीना के अध्यक्ष मुकेश खिलवानी ने भी कार्यशाला की सराहना करते हुए सभी का धन्यवाद किया ओर थोक फल सब्ज़ी मंडी सवीना की और से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
प्रस्तुति के बाद खुले विचार-विमर्श में मंडी संघ के पदाधिकारियों, व्यापारियों एवं स्मार्ट सिटी टीम के बीच कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई। प्रतिभागियों ने ठोस कचरा प्रबंधन से जुड़े अपने अनुभव साझा किए और व्यवहारिक समस्यायें और उनके समाधान सुझाए।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा “स्वच्छ एवं स्मार्ट उदयपुर” के निर्माण में सामूहिक प्रयास और जिम्मेदारी निभाने के संकल्प के साथ हुआ।
