दीपावली पर यातायात व्यवस्था का जायजा लेने सड़कों पर उतरीं एसपी अमृता दुहन

 | 
Udaipur Traffic Inspection by SP

 

Udaipur Times, Udaipur News:  दीपावली पर्व, स्थानीय मेलों और पर्यटन सीजन को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क हो गई है। सोमवार को जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने शहर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण कर यातायात और रूट डायवर्जन व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा और यातायात प्रभारी डीएसपी भंवरलाल चौधरी भी मौजूद रहे। एसपी ने अधिकारियों और पुलिस जवानों को निर्देश दिए कि दीपावली मेले और त्योहारों के दौरान स्थानीय लोगों के साथ बाहर से आने वाले पर्यटकों को यातायात संबंधी परेशानी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि नगर निगम के साथ पूर्व में हटाए गए अतिक्रमण वाले स्थानों पर दोबारा अस्थायी अतिक्रमण होने पर उसे हटाने की कार्रवाई की जाए। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी मुस्तैदी से यातायात नियमों की पालना करवाएं और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी नजर रखें।

एसपी ने आमजन और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दीपावली के दौरान उदयपुर में बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटकों के आने की संभावना है। ऐसे में शहर की छवि बनाए रखने और सुरक्षित यातायात के लिए सभी का सहयोग जरूरी है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News