स्वतंत्रता दिवस पर विशेष यातायात व्यवस्था
उदयपुर 14 अगस्त 2025। स्वतंत्रता दिवस पर महाराणा भोपाल स्टेडियम में होने वाले मुख्य आयोजन के लिए उदयपुर पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) उमेश ओझा ने बताया कि 15 अगस्त को सुबह 7 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक यातायात के विशेष प्रबंध रहेंगे।
स्टेडियम में आने वाले नागरिकों से अपील की गई है कि वे खाद्य पदार्थ, पेय पदार्थ की बोतल, टिफिन, माचिस, बीड़ी, सिगरेट, रेडियो, टेप रिकॉर्डर जैसी वस्तुएं साथ न लाएं। साथ ही किसी भी संदिग्ध वस्तु को न छुएं और नजदीकी पुलिस अधिकारी को तुरंत सूचना दें।
चेटक सर्कल की ओर शिक्षा भवन, हाथीपोल गेट, कोर्ट चौराहा, लोक कला मंडल और नजर बाग से वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा। आकाशवाणी केंद्र के पास दोपहिया, शिक्षा भवन चौराहे पर चारपहिया और लोक कला मंडल के पास सड़क के दोनों ओर वाहनों की पार्किंग रहेगी।
फतहपुरा से आने वाले वाहन सुखाड़िया सर्कल, एमजी कॉलेज होते हुए कोर्ट चौराहा से गुजरेंगे, जबकि मल्लातलाई से आने वाले वाहन आयुर्वेदिक चौराहा, अंबावगढ़, नई पुलिया होकर या झरिया मार्ग से हाथीपोल, देहलीगेट की ओर जाएंगे।
15 अगस्त की पूर्व संध्या से कार्यक्रम समाप्ति तक पहाड़ी बस स्टैंड से चलने वाली प्राइवेट बसें लोक कला मंडल से संचालित होंगी और स्टेडियम की दीवार के पास बस पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपात सेवाओं के लिए यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा। पुलिस ने आमजन से मुख्य सड़कों पर वाहन पार्क न करने और यातायात पुलिस को सहयोग देने की अपील की है।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
