राजस्थान के नगरीय निकायों मे लगेगी 1.92 लाख स्ट्रीट लाइट्स

 | 
1.92 lakh Street lights to be installed in Rajasthan Urban Areas

 

Udaipur Times, Rajasthan News: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर राजस्थान सरकार प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार एवं आमजन को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

इसी क्रम में प्रदेश के नगरीय निकायों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा शहरों को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं रोशन बनाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य किया जा रहा है।

आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों को रोशनी से जगमगाने तथा आमजन को बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्राप्त मांगों एवं स्थानीय आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए स्ट्रीट लाइट लगाने की प्रक्रिया को गति दी गई है।

बजट घोषणा वर्ष 2025-26 के बिंदु संख्या 225.01.00 के तहत जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्राप्त मांग एवं आवश्यकता के मद्देनजर नगरीय निकायों में स्ट्रीट लाइट लगाए जाने की घोषणा की गई थी। इस घोषणा के तहत प्रदेश के नगरीय निकायों में कुल 1.92 लाख स्ट्रीट लाइट लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके विरुद्ध अब तक लगभग 1,35,500 स्ट्रीट लाइट लगाई जा चुकी हैं। शेष लाइटें भी संबंधित नगरीय निकायों द्वारा आवश्यकतानुसार लगाई जा रही हैं।

दीपावली पर्व से पूर्व नगरीय क्षेत्रों में अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था की आवश्यकता को देखते हुए कुछ निकायों से अतिरिक्त लाइटों की मांग प्राप्त हुई है। इसके क्रम में निदेशालय स्तर पर अतिरिक्त 32,500 स्ट्रीट लाइटों की आपूर्ति के लिए कार्यादेश जारी किया गया है। वहीं, 15 नगरीय निकायों द्वारा प्रेषित मांग के अनुरूप कुल 15,200 अतिरिक्त स्ट्रीट लाइटें स्वीकृत की जा चुकी हैं, जिनकी आपूर्ति की प्रक्रिया संबंधित निकायों में जारी है। अन्य नगरीय निकायों से मांग प्राप्त होने पर शेष लाइटें भी स्वीकृत की जाएंगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News