उदयपुर में 12 से ज्यादा रेस्टोरेंट पर औचक निरीक्षण, किचन में मिली गंदगी
Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य ने बुधवार को शहर के यूनिवर्सिटी रोड और बोहरा गणेशजी क्षेत्र में संचालित एक दर्जन से ज्यादा रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई रेस्टोरेंट के किचन में साफ-सफाई की कमी मिली। वहीं कर्मचारियों की मेडिकल रिपोर्ट और पीने के पानी की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं थी।
सीएमएचओ ने रेस्टोरेंट संचालकों को व्यवस्थाओं में सुधार के लिए 15 दिन का समय दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तय समय में कमियां दूर नहीं की गईं तो दोबारा निरीक्षण किया जाएगा और नियमों की पालना नहीं मिलने पर लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जा सकती है।
सीएमएचओ डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि सुखाड़िया यूनिवर्सिटी के आसपास बड़ी संख्या में छात्र रहते हैं और यहां कई रेस्टोरेंट संचालित होते हैं। हाईजीन को लेकर शिकायतें मिलने के बाद विशेष अभियान के तहत निरीक्षण किया गया।
उन्होंने बताया कि पहले फूड सेफ्टी ऑफिसरों की कमी थी, लेकिन हाल ही में राज्य सरकार की ओर से छह फूड सेफ्टी ऑफिसर मिले हैं। अब शहर में नियमित रूप से रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जाएगी।
फूड सेफ्टी नियमों के तहत रेस्टोरेंट संचालकों के पास वैध लाइसेंस होना जरूरी है। इसके साथ ही कर्मचारियों की मेडिकल रिपोर्ट, पीने के पानी की जांच रिपोर्ट, किचन में साफ-सफाई और उचित कचरा निस्तारण की व्यवस्था भी अनिवार्य है। नियमों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
