सलूंबर मे नामांकन प्रक्रिया के दौरान यातायात व्यवस्था

 | 
Students participate in Tribal Pride Year celebrations on Birsa Munda Jayanti in Salumbar

 

Udaipur Times, Salumber News:  पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जिला कलेक्ट्रेट परिसर में आगामी नामांकन प्रक्रिया को सुचारू, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा यातायात एवं पार्किंग की विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इसी क्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला की अध्यक्षता में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में नामांकन प्रक्रिया के दौरान वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रखने, बैरिकेडिंग करने तथा पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने को लेकर चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण की जाएं, ताकि अभ्यर्थियों, उनके समर्थकों, निर्वाचन कार्मिकों एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो।

सुबह 10:30 से दोपहर 3 बजे तक कलेक्ट्रेट में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश राय सापेला ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक जिला कलेक्ट्रेट परिसर में किसी भी वाहन के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इस अवधि में हाड़ारानी महाविद्यालय की ओर से कलेक्ट्रेट परिसर के अंदर वाहनों की आवाजाही नहीं हो सकेगी।

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए हाड़ारानी महाविद्यालय की ओर से बैरिकेडिंग की जाएगी। साथ ही, निर्धारित मार्ग पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रखने के लिए आवश्यक पुलिस जाब्ता तैनात किया जाएगा।

हेलिपैड के पास रहेगी पार्किंग व्यवस्था

नामांकन प्रक्रिया के दौरान आने वाले वाहनों की पार्किंग के लिए हेलिपैड के पास व्यवस्था निर्धारित की गई है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित पार्किंग स्थल पर वाहनों को व्यवस्थित रूप से खड़ा करवाना सुनिश्चित करें, ताकि सड़क पर जाम एवं अनावश्यक भीड़भाड़ की स्थिति उत्पन्न नहीं हो।

हाड़ारानी महाविद्यालय से हेलिपैड के पास निर्धारित बैरिकेडिंग क्षेत्र तक सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इस दौरान निर्धारित पार्किंग स्थल एवं यातायात व्यवस्था की प्रभावी मॉनिटरिंग की जाएगी।

बैरिकेडिंग एवं यातायात नियंत्रण के लिए दिए निर्देश

डॉ. सापेला ने पुलिस विभाग एवं नगर परिषद के अधिकारियों को आपसी समन्वय से बैरिकेडिंग, पार्किंग तथा प्रवेश एवं निकास मार्गों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य के दौरान यातायात प्रबंधन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा निर्धारित समयावधि में सभी व्यवस्थाएं पूरी करें।

उन्होंने कहा कि पंचायतीराज चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करें तथा यातायात एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना सुनिश्चित करें।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News