UDA की अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई

राजस्व ग्राम बड़ी, वरड़ा और मदार क्षेत्र में की कार्रवाई 
 | 

उदयपुर 20 फ़रवरी 2026। उदयपुर विकास प्राधिकरण (UDA) की टीम ने शहर में हो रहे अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की। टीम ने राजस्व ग्राम बड़ी, वरड़ा और मदार क्षेत्र में निरीक्षण किया, जहां कई स्थानों पर नियमों के विरुद्ध निर्माण कार्य पाए गए, जिन पर मौके पर कार्रवाई की गई।

प्राधिकरण आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि गुरुवार को टीम जब राजस्व ग्राम बड़ी की 100 फीट रोड पर पहुंची तो वहां एक भवन का निर्माण कार्य जारी था। मौके पर निर्माण कार्य रुकवाया गया और निर्माण स्वीकृति के संबंध में जांच करते हुए निर्माण सामग्री जब्त की गई।

आयुक्त ने बताया कि राजस्व ग्राम वरड़ा की आराजी संख्या 50/4216, 50/4217 और 50 आदि पर मानवेंद्र सिंह व गौरव राठौड़ द्वारा निर्माण कार्य किया जा रहा था। टीम ने अवैध पहाड़ी कटिंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4 कंक्रीट सीमेंट मिक्सर ट्रक और एक एक्सकेवेटर जब्त किया। मौके पर पक्की सड़क डाली जा रही थी और निर्माणाधीन भवनों की छत डालने की तैयारी चल रही थी।

बताया गया कि उक्त भूखंड पर खातेदार द्वारा पहाड़ी के शीर्ष पर होटलनुमा भवन बनाया जा रहा था। मौके तक पहुंचने के लिए पहाड़ी की कटिंग कर रास्ता भी बनाया गया, जो पहाड़ियों से संबंधित लागू मॉडेल विनियम-2024 का स्पष्ट उल्लंघन है।

मौके पर आयुक्त और प्राधिकरण टीम ने निर्माणकर्ता को निर्माण कार्य रोकने और संबंधित पट्टा व निर्माण स्वीकृति दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस दौरान टीम में तहसीलदार डॉ. अभिनव शर्मा, भू-अभिलेख निरीक्षक राजेंद्र सेन, बाबूलाल तेली सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि अगस्त माह में प्राधिकरण में शामिल किए गए नवीन ग्रामों के जोन निर्धारण के बाद अवैध निर्माण, पहाड़ी कटिंग और पहाड़ों को काटकर सड़क निर्माण के मामलों में लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।