अन्नपूर्णा रसोई घर में खाना बनाया ही नहीं, दर्ज कर दिए 100 से ज्यादा कूपन

निगम आयुक्त ने किया अन्नपूर्णा रसोई घरों का औचक निरीक्षण, संचालन में मिली भारी गड़बड़ी
 | 

उदयपुर 14 फ़रवरी 2026। आमजन को रियायती दर पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा संचालित अन्नपूर्णा रसोई के तहत चल रहे रसोई घरों का शनिवार को नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएँ सामने आईं, जिस पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सभी संबंधित संचालक फर्मों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि कुछ समय से अन्नपूर्णा रसोई घरों के संचालन में कमियों को लेकर शिकायत प्राप्त हो रही थी इसी की जांच को लेकर जिला परियोजना अधिकारी शैल सिंह सोलंकी को शहर के विभिन्न वार्डों में संचालित अन्नपूर्णा रसोई केंद्रों का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। 

अधिकारी द्वारा 27 जनवरी एवं 30 जनवरी को निरीक्षण दिया तब शिकायतों की पुष्टि हुई ओर फर्म को नोटिस जारी किए। इसी कड़ी में शनिवार को आयुक्त खन्ना द्वारा फिर से औचक निरीक्षण किया गया। आयुक्त सर्व प्रथम मल्लातलाई स्थित अन्नपूर्णा रसोई घर पहुंचे तो स्थिति देख दंग रह गए, रसोई घर में खाना बनाया हुआ ही नहीं था जबकि 100 से अधिक लाभार्थियों के नाम से कूपन जारी कर रखे थे। मौके पर पर्याप्त मात्रा में खाद्य सामग्री भी उपलब्ध नहीं थी और न ही रसोई में भोजन पकाने की प्रक्रिया चल रही थी।

सेवाश्रम, खेमपुरा में भी मिली अनियमितता

मल्लातलाई अन्नपूर्णा रसोई घर निरीक्षण पश्चात निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना सेवाश्रम पुलिया एवं खेमपुरा सुन्दरवास स्थित रसोई घर पहुंचे। वहां उन्हें गलत आधार कार्ड का इंद्राज किया हुआ पाया, मौके की स्थिति का सत्यापन कर दस्तावेजों और ऑनलाइन प्रविष्टियों की जांच की, जिसमें स्पष्ट अंतर पाया गया, भौतिक सत्यापन में लाभार्थियों की संख्या में भी अनियमितता पाई गई। आयुक्त ने मौके पर ही जिला परियोजना अधिकारी को तीनों कार्यकारी एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

महत्ती योजना में हो रही धांधली

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने कहा कि अन्नपूर्णा रसोई योजना राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजना है जिसमें मजदुर वर्ग, अल्प आय वर्ग के साथ ही कोई भी व्यक्ति मात्र 8 रुपए में भरपेट भोजन प्राप्त कर सकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं हो सकती है। तीनों कार्यकारी एजेंसियों द्वारा किए गया कृत को गंभीर लापरवाही एवं वित्तीय अनियमितता मानते हुए सख्त कार्यवाही की गई है।

तीनों फर्म होंगी ब्लैक लिस्ट, लगेगा 1 लाख का जुर्माना

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना द्वारा शनिवार को अन्नपूर्णा रसोई घर के औचक निरीक्षण  करने पर अनियमित मिलने पर तीनों संचालक फर्म को तत्काल प्रभाव से ब्लैकलिस्ट करने के साथ 1 लाख रुपए की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए है। साथ ही अब तक किए गए भुगतान की विस्तृत जांच कर राशि की वसूली की प्रक्रिया प्रारंभ करने के आदेश भी जारी किए हैं। 

दर्ज होगी FIR, आमजन से मांगा सहयोग

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने मल्लातलाई अन्नपूर्णा रसोईघर संचालन करने वाली फर्म सुंधा स्वीट होम के खिलाफ FIR दर्ज कराने के भी निर्देश दिए हैं। आयुक्त ने कहा कि रसोई घर पर खाना नहीं बना कर 100 से भी अधिक लाभार्थियों की उपस्थिति दर्ज कराई गई जो की सरकारी राशि का गबन करना सिद्ध होता है जो अपराधिक कृत है। निगम द्वारा फर्म के खिलाफ एफ आई आर दर्ज करवाई जाएगी। 

लगातार जारी रहेगी कार्यवाही, होगा औचक निरीक्षण

निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी रसोई घरों का नियमित रूप से औचक निरीक्षण जारी रहेगा। यदि किसी भी स्तर पर फर्जी कूपन प्रविष्टि, भोजन की गुणवत्ता में कमी या लाभार्थियों के साथ अनुचित व्यवहार पाया गया तो संबंधित फर्म के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। आयुक्त ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी रसोई केंद्र पर अनियमितता या भोजन उपलब्ध न होने की शिकायत हो तो इसकी सूचना निगम में दें, जिससे तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।