उदयपुर में ऑटो रिक्शा में अब दिखाई देगा मालिक और चालक का पूरा विवरण
पर्यटक सुरक्षा के लिए उदयपुर में ऑटो में मालिक का नाम, वाहन संख्या, हेल्पलाइन नंबर और चालक का मोबाइल नंबर
उदयपुर 3 अक्टूबर 2025। शहर में पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा को बढ़ाने के लिए जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने घोषणा की है कि शहर के करीब 3000 ऑटो रिक्शा में अब मालिक का नाम, वाहन संख्या, हेल्पलाइन नंबर और चालक का मोबाइल नंबर स्टिकर के रूप में लगाया जाएगा।
यह स्टिकर विंड स्क्रीन के आगे और अंदर की ओर लगाया जाएगा, जिससे पर्यटक ऑटो किराये पर लेते समय या उसमें बैठने के बाद चालक और वाहन की पूरी जानकारी तुरंत प्राप्त कर सकेंगे। यदि कोई यात्री अपना सामान ऑटो में भूल जाए तो दिए गए नंबरों के जरिए तुरंत संपर्क किया जा सकेगा।
इस पहल का शुभारंभ 4 अक्टूबर 2025 को सुबह 11 बजे यातायात कार्यालय, दिल्ली दरवाजा, उदयपुर के सामने किया जाएगा। इसमें उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलचंद मीणा, पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज, जिला कलक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न ऑटो यूनियनों के पदाधिकारी शामिल होंगे।
स्टिकर लगाने की प्रक्रिया 15 दिनों तक जारी रहेगी। जिन ऑटो स्वामियों ने अपनी जानकारी अभी तक यातायात कार्यालय में जमा नहीं करवाई है, उन्हें शीघ्र जानकारी देनी होगी। समय पर जानकारी न देने की स्थिति में वाहन चालक को स्वयं यह कार्य करवाना होगा और नियमों का पालन न करने वालों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर IIFL फाउंडेशन द्वारा यातायात कर्मियों को ISI मार्का हेलमेट भी वितरित किए जाएंगे।