HLO ऐप से मकान सूचीकरण व मकान गणना का दिया प्रशिक्षण

भारत की जनगणना - 2027: जिला स्तरीय फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण
 | 

उदयपुर 16 अप्रैल 2026। भारत की जनगणना-2027 के तहत ज़िला स्तरीय फील्ड ट्रेनर्स के प्रथम चरण का प्रशिक्षण नगर निगम के पं दीनदयाल उपाध्याय सभागार में चल रहा है।

उपज़िला जनगणना अधिकारी एवं संयुक्त निदेशक, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग पुनीत शर्मा ने बताया कि प्रथम चरण के प्रशिक्षण में ज़िले के 5 नगरपालिकाओं एवं तहसील स्तर के 37 फील्ड ट्रेनर्स भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दूसरे दिन गुरुवार को ज़िला स्तरीय मास्टर ट्रेनर बनवारी लाल बुम्बरिया ने जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान का सूचीकरण एवं मकानों की गणना HLO मोबाइल ऐप से करने की कार्यविधि समझाई। इसके अंतर्गत मोबाइल ऐप के इंस्टॉलेशन प्रक्रिया और अवलोकन के बारे विस्तार से जानकारी दी एवं पर्यवेक्षकों को ब्लॉक मकान सूचीकरण की सीमाओं और भू चिन्हों का निर्धारण करवाना एव प्रगणकों को आवंटित ब्लॉक में मकान सूचीकरण जनगणना मकानों के निर्धारण के बारे में जानकारी दी। 

साथ ही जनगणना निदेशालय, जयपुर के जिला समन्वयक महेन्द्र कुमार मीणा, ने जनगणना अधिनियम 1948 एवं जनगणना अधिनियम 1990 के बारे में अवगत कराया। जनगणना 2027 के प्रथम चरण अर्थात मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के संबंध में परिवार के मुखिया से पूछे जाने वाले 34 प्रश्नों के बारे में जानकरी दी। 

शर्मा ने बताया कि प्रथम चरण का प्रशिक्षण 17 अप्रैल तक चलेगा। द्वितीय चरण में 20 से 22 अप्रैल तक तहसील स्तर के 36 फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण होगा। 1 मई 2026 से 15 मई 2026 तक जिला स्तरीय फील्ड ट्रेनर्स तहसीलों के 3685 ब्लॉक के 3381 प्रगणकों एवं 588 सुपरवाईजर्स को प्रशिक्षित करेंगे।

प्रथम चरण 1 मई से 14 जून तक

राजस्थान में जनगणना 2027 का प्रथम चरण 1 मई 2026 से शुरू होकर 14 जून 2026 तक चलेगा। इसमें दो मुख्य प्रक्रियाएं शामिल होंगी। स्व-गणना 1 मई से 15 मई 2026 तक तक होगी। वहीं फील्ड कार्य (प्रगणकों द्वारा) 16 मई से 14 जून 2026 तक किया जाएगा। शर्मा ने बताया कि इस बार जनगणना में नागरिकों को ऑनलाईन स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना की सुविधा दी गई है, जो 1 मई 2026 से 15 मई 2026 तक वेब पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। 

यह वेब पोर्टल अंग्रेजी, हिंदी तथा 14 क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध है। परिवार का मुखिया लगभग 15-20 मिनट में स्व-गणना की एवं सरल माध्यम प्रदान करती है, जिसके माध्यम से परिवार का मुखिया अपनी परिवार संबंधी विवरण उपलब्ध करा सकते हैं। स्व-गणना प्रक्रिया पूर्ण करते हुए परिवार संबंधी विवरण दर्ज करा सकते हैं। स्व-गणना पहचान संख्या मोबाइल/ई-मेल पर प्राप्त कर सकता है। प्रगणक के परिवार के भ्रमण के दौरान स्व-गणना के विवरण की पुष्टि एवं अंतिम प्रस्तुतिकरण के लिए एसई आईडी प्रगणक के साथ साझा करना आवश्यक होगा। स्व-गणना के लिए जिला/ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं कार्मिकों द्वारा 1 मई 2026 को स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना की जाएगी। साथ ही स्वगणना के लिए ब्लॉक स्तर एवं विभिन्न प्रमुख स्थलों पर विशेष कैम्पों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही प्रगणकों एवं सुपरवाईजर्स द्वारा फील्ड कार्य 16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक किया जाना है।

#UdaipurNews #RajasthanNews #Census2027 #DigitalIndia #HLOApp #CensusTraining #UdaipurUpdates #RajasthanGovernment #IndiaCensus #SmartGovernance #UdaipurCity #LocalNewsRajasthan #PublicAdministration #eGovernance #CensusIndia