उदयपुर: स्वतंत्रता दिवस पर सम्मान पाने का मौका, 3 अगस्त तक करें आवेदन

उदयपुर में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां तेज

 | 
Republic day rehearsal

 

Udaipur Times, 20 जुलाई 2026। आगामी ज़िला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, गरिमामय और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए ज़िला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को ज़िला कलक्टर गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट मिनी सभागार में आयोजित बैठक में समारोह की सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

ज़िला कलक्टर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति का पर्व है, इसलिए समारोह का आयोजन पूरी गरिमा, अनुशासन और उत्कृष्ट समन्वय के साथ किया जाए। उन्होंने सभी विभागों की जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से तय करने तथा समय पर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।  

बैठक में गांधी ग्राउंड में प्रस्तावित ज़िला स्तरीय समारोह के अंतर्गत ध्वजारोहण, आकर्षक परेड, व्यायाम प्रदर्शन, बैठक व्यवस्था, उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों का सम्मान समारोह, स्वतंत्रता सैनानियों और उनके परिजनों सहित जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने की व्यवस्था, स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक संध्या तथा एट होम कार्यक्रम सहित सभी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। 

ज़िला कलक्टर ने सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत, चिकित्सा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के समुचित प्रबंधन के निर्देश भी दिए, ताकि समारोह में शामिल होने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।  बैठक में एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सम्मान के लिए 3 अगस्त तक होंगे आवेदन

स्वतंत्रता दिवस के ज़िला स्तरीय समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए ज़िला प्रशासन ने 3 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित किए हैं।  एडीएम सिटी ने बताया कि सम्मान के आवेदन के लिए निर्धारित प्रपत्र जारी किया गया है। संबंधित  कार्मिक अथवा आमजन निर्धारित प्रपत्र के सभी काॅलम भर कर अपेक्षित दस्तावेजों के साथ 3 अगस्त 2026 तक जमा करा सकते हैं। ज़िला कलक्टर की अध्यक्षता वाली समिति आवेदनों पर विचार- विमर्श कर सम्मानित होने वालों की सूची जारी करेगी। निर्धारित तिथि के बाद प्रस्तुत किए जाने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News