उदयपुर CMHO द्वितीय कार्यालय को मिला नया ठिकाना, भुवाणा CHC में होगा अस्थायी संचालन

 | 
CHC Bhuwana Udaipur

 

Udaipur Times, Udaipur News:  उदयपुर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की प्रशासनिक मॉनिटरिंग को मजबूत करने के लिए नवस्थापित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO-द्वितीय) कार्यालय को नया स्थान मिल गया है। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल के आदेश पर अब यह कार्यालय शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भुवाणा के प्रथम तल पर संचालित होगा।

सीएमएचओ-द्वितीय डॉ. महेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि स्थायी भवन तैयार होने तक भुवाणा CHC के प्रथम तल पर स्थित सात रिक्त कमरों में कार्यालय का अस्थायी संचालन किया जाएगा। अब तक कार्यालय सीमित और छोटे स्थान से संचालित हो रहा था, जिससे प्रशासनिक कार्यों और बैठकों में परेशानी आ रही थी।

उदयपुर जिले की भौगोलिक परिस्थितियों और बड़ी जनजातीय आबादी को देखते हुए राज्य सरकार ने जिले में दो सीएमएचओ कार्यालय स्थापित किए हैं। वर्ष 2025 में दोनों कार्यालयों के कार्यक्षेत्र का विभाजन किया गया था।

सीएमएचओ-द्वितीय के क्षेत्राधिकार में सायरा, गोगुंदा, बड़गांव, मावली, भींडर, वल्लभनगर और कुराबड़ ब्लॉक शामिल हैं। नए कार्यालय से इन सात ब्लॉकों में स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा, टीकाकरण, फील्ड विजिट और स्वास्थ्यकर्मियों की मॉनिटरिंग को गति मिलने की उम्मीद है।

डॉ. राठौड़ के अनुसार, इस व्यवस्था के लिए किसी अतिरिक्त वित्तीय भार की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि भुवाणा CHC का भवन चिकित्सा विभाग का अपना सरकारी भवन है। लंबे समय से खाली पड़े सात कमरों का उपयोग होने से सरकारी संपत्ति का भी बेहतर इस्तेमाल हो सकेगा।

इस व्यवस्था के लिए सीएमएचओ-प्रथम डॉ. अशोक आदित्य के सहयोग और संयुक्त निदेशक (जोन-उदयपुर) डॉ. ओ.पी. रायपुरिया के निर्देशन में जिला प्रशासन से समन्वय किया गया।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News