उदयपुर: DMFT से 60 करोड़ की स्वीकृतियां, शिक्षा-चिकित्सा को बड़ा फायदा
अब सरकारी स्कूल के विद्यार्थी पढ़ेंगे डिस्प्ले बोर्ड से, बनेंगी नई PHC एवं स्कूल बिल्डिंग, पुरानों की होगी मरम्मत
उदयपुर, 22 सितंबर 2025। ज़िले के सरकारी स्कूलों के बच्चे भी अब तकनीकी दौर में स्मार्ट होने जा रहे हैं। जल्द ही जिले के 797 स्कूलों के बच्चे दीवार के ब्लैक बोर्ड की बजाय इंटीग्रेटेड डिस्प्ले पैनल के माध्यम से पढ़ाई कर सकेंगे। डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) के तहत ट्रस्ट अध्यक्ष ज़िला कलक्टर नमित मेहता ने इसके लिए लगभग 10 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की है।
मेहता ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर बदलते दौर में शिक्षा में तकनीक का प्रयोग बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सरकारी स्कूलों के बच्चों को समय के साथ कदमताल करते हुए तकनीकी सुविधा मुहैया करवाने के उद्देश्य से ज़िले के 797 स्कूलों में इंटीग्रेटेड डिस्प्ले पैनल लगवाने की स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे बच्चों की सीखने की क्षमता में वृद्धि होगी और शिक्षकों को अध्यापन में सुविधा होगी। DMFT के तहत ही ज़िले में 17 विद्यालयों के नए भवन बनाने हेतु प्रत्येक भवन के लिए 73 लाख यानि कुल करीब 13 करोड़ रूपए स्वीकृत किए गए हैं।
272 आंगनबाड़ियां बनेंगी मॉडल
ज़िले के 272 आंगनबाड़ी केंद्रों पर सुविधाओं का विस्तार करते हुए उन्हे मॉडल केंद्रों के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए DMFT से 10 करोड़ रूपए की स्वीकृति जारी की गई।
चिकित्सा सुविधाओं पर होंगे 26 करोड़ खर्च
मेहता ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा एवं चिकित्सा क्षेत्र में सुविधाओं को बढ़ाने व सुदृढ़ करने पर लगातार जोर दे रही है। DMFT फंड से कोल्यारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन के लिए 2 करोड़ 32 लाख रुपए की स्वीकृति जारी कर दी गई है। इसी प्रकार 74 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के नवीनीकरण के लिए कुल 9 करोड़ 34 लाख रूपए स्वीकृत किए गए हैं। ज़िले में 200 उप स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) के लिए 8 करोड़ और 36 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) के रिनोवेशन एवं मेडीकल उपकरणों की खरीद के लिए 6 करोड़ 29 लाख रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई है।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
