उदयपुर में e-Waste संग्रहण अभियान शुरू: गांव-गांव पहुंचेगी टीम

31 अक्टूबर तक चलने वाला e-Waste संग्रहण पायलट प्रोजेक्ट शुरू

 | 
E-Waste collection

उदयपुर 1 अक्टूबर 2025। ज़िले में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत बुधवार को इलेक्ट्रॉनिक कचरे ( e-Waste) का सुरक्षित संग्रहण, पुनर्चक्रण और निपटान के लिए ई-वेस्ट संग्रहण अभियान का शुभारम्भ किया गया। 

ज़िला परिषद उदयपुर की मुख्य कार्यकारी रिया डाबी ने ज़िला परिषद से e-Waste वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। श्रीमती डाबी ने बताया कि इनोवेटिव गवर्नेंस रिफॉर्म्स फेडरेशन (IGRF) की सहभागिता से पहले चरण में ज़िले की पांच पंचायत समितियों- गिर्वा, मावली, कुराबड़, बड़गांव और वल्लभनगर क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों में 31 अक्टूबर तक  e-Waste संग्रहण किया जाएगा। संग्रहित किए गए  e-Waste का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा। आमजन को स्वच्छता बनाए रखने और सफाई में सहयोग करने और अपशिष्ट प्रबंधन के तरीकों के बारे में भी जागरूक किया जाएगा।

गांवों में  e-Waste कलेक्शन सेंटर स्थापित, दर्ज होगा विवरण, मिलेगी रसीद

अभियान के तहत उदयपुर ज़िले की गिर्वा, मावली, कुराबड़, बड़गांव और वल्लभनगर क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों में  e-Waste  कलेक्शन सेंटर स्थापित किए गए हैं। यहां पुराने मोबाइल, लैपटॉप, चार्जर, कंप्यूटर, फ्रिज, की-बोर्ड, एलईडी, ट्यूबलाइट्स जैसे इलेक्ट्रॉनिक कबाड़ को एकत्रित किया जाएगा।  e-Waste  संग्रहण वाहन के माध्यम से घर-घर जाकर भी ई-वेस्ट एकत्रित किया जाएगा। रजिस्टर का संधारण किया जाएगा, जिसमें  e-Waste जमा करवाने वालों को रसीद दी जाएगी। संग्रहित  e-Waste प्रदूषण नियंत्रण मंडल की ओर से अधिकृत केंद्र पर निस्तारित किया जाएगा।

राज्य में उदयपुर से शुरुआत, एक माह बाद बढ़ेगा दायरा

इनोवेटिव गवर्नेंस रिफॉर्म्स फेडरेशन (IGRF) के निदेशक डॉ. विजय व्यास ने इस अभियान को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अभिनव पहल बताते हुए ई-वेस्ट से मानव स्वास्थ्य और प्रकृति पर होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य में पहली बार उदयपुर से  e-Waste कलेक्शन का अभियान पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है। एक माह बाद समीक्षा की जाएगी और अभियान का दायरा बढ़ाया जाएगा। इससे पहले अभियान का पोस्टर विमोचन किया गया और  e-Waste को विशेष पात्रों में डालकर साफ-सफाई और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।  

घर बैठे करवा सकते हैं e-Waste जमा

ज़िला परिषद उदयपुर की ओर से नवाचार के रूप में “स्वच्छ ढाणी ऐप“ विकसित किया गया है। ऐप में सफाई से संबंधित समस्याओं को दर्ज करवा सकते हैं अब इसमें e-Waste की शिकायत का विकल्प भी जोड़ दिया गया है। ग्रामीण QR Code स्कैन कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर सकते हैं और शिकायत को ट्रैक भी कर सकते हैं। सात दिन में शिकायत का निस्तारण संबंधित ग्राम विकास अधिकारी द्वारा किया जाएगा। पंचायत समिति मुख्यालय पर विकास अधिकारी और ज़िला स्तर पर ज़िला परिषद सीईओ स्वच्छ ढाणी एप के डैशबोर्ड की निगरानी करते हैं।