गोगुन्दा बाईपास से बस स्टैंड वाली सड़क निर्माण कार्य एक माह में पूर्ण करने के निर्देश

ज़िला कलक्टर गौरव अग्रवाल रहे गोगुन्दा-सायरा दौरे पर

 | 
Gogunda Sayra visit

उदयपुर 17 अप्रैल 2026 । ज़िला कलक्टर गौरव अग्रवाल शुक्रवार को गोगुन्दा एवं सायरा क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने सरकारी कार्यालयों, अस्पताल, अन्नपूर्णा रसोई आदि का सघन निरीक्षण किया। सायरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत ब्राह्मणों का कलवाड़ा में रात्रि चौपाल कर ग्रामीणों की परिवेदनाएं भी सुनी।

प्रताप को नमन, राजतिलक स्थली की सारसंभाल के निर्देश

ज़िला कलक्टर अग्रवाल शुक्रवार अपराह्न गोगुन्दा पहुंचे। वहां उन्होंने महाराणा प्रताप और राणा पूंजा की प्रतिमाओं को नमन किया। उन्होंने राजतिलक स्थली और ऐतिहासिक बावड़ी का अवलोकन करते हुए पूरे परिसर की अच्छे से सार संभाल किए जाने, सफाई व्यवस्था दुरूस्त करने के निर्देश दिए।

कार्यालयों का निरीक्षण, दिए निर्देश

इसके बाद ज़िला कलक्टर ने तहसील व उपखंड कार्यालय का निरीक्षण किया। SDM शुभम् भैसारे और तहसीलदार प्रवीण कुमार सैनी से कामकाज की जानकारी ली। उन्होंने राजस्व न्यायालय की सभी पत्रावलियों को ऑनलाइन करने के निर्देश देते हुए कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने पर जोर दिया। उन्होंने अस्पताल का भी निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। सोनोग्राफी मशीन के लिए नवीन उपकरणों का प्रस्ताव भेजने को कहा। 

अन्नपूर्णा रसोई पहुंचकर उन्होंने लाभार्थियों से भोजन की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से भी संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी। शादी वाले परिवारों को गैस सिलेंडर नहीं मिलने की समस्या सामने आने पर अधिकारियों को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा। PWD के अधिकारियों को बाईपास से बस स्टैंड वाली सड़क निर्माण कार्य एक माह में पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। 

जिला कलक्टर ने सभी अधिकारियों को संपर्क पोर्टल पर शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग कर त्वरित निस्तारण की हिदायत दी। इस दौरान विकास अधिकारी जितेंद्र सिंह राजावत, नायब तहसीलदार गणेश विजयवर्गीय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी दिनेश मीणा एवं डॉ. शांतिलाल चौबीसा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

#Udaipur #Gogunda #Sayra #RajasthanNews #UdaipurNews #LocalGovernance #Infrastructure #RoadConstruction #DistrictCollector #AnnapurnaKitchen #RajasthanDevelopment
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News