उदयपुर मेयर ने लंबे समय से खराब पड़े वाहनों पर जताई नाराजगी, जल्द सुधारने के दिए निर्देश

 | 
UMC

 

Udaipur Times, Udaipur News:  उदयपुर नगर निगम महापौर पारस सिंघवी ने गुरुवार को अशोक नगर स्थित नगर निगम गैराज का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान गैराज में सफाई व्यवस्था असंतोषजनक पाई गई। वहीं, गैराज में लंबे समय से कुछ वाहन खराब अवस्था में खड़े मिले, कंपनी में पार्ट्स की अनुपलब्धता के चलते मरम्मत को लेकर लंबे समय से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पाई। इस संबंध में जानकारी लेने पर संबंधित अधिकारियों द्वारा भी संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। इस पर महापौर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने के साथ ही वाहनों के व्यवस्थित रखरखाव को लेकर निर्देश दिए।

महापौर पारस सिंघवी ने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था एवं आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नगर निगम के वाहनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। विशेष रूप से सीवरेज एवं कचरा परिवहन से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक वाहनों का समय पर उपलब्ध होना बेहद जरूरी है।

शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सीवरेज लाइन अवरुद्ध होने अथवा सीवरेज संबंधी समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल संबंधित वाहन मौके पर भेजने की आवश्यकता रहती है साथ ही कचरा परिवहन हेतु वाहनों की आवश्यकता रहती है। ऐसे में पार्ट्स के अभाव में वाहनों का लंबे समय तक खराब पड़े रहना और उनकी मरम्मत नहीं होना गंभीर लापरवाही है।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गैराज में लंबे समय से खराब पड़े सभी वाहनों की तत्काल मरम्मत करवाई जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें शहर के किसी भी क्षेत्र में तुरंत भेजा जा सके। साथ ही गैराज में साफ-सफाई सहित समस्त व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाए। वाहनों के रखरखाव एवं नियमित देखरेख की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे भविष्य में इस प्रकार की स्थिति उत्पन्न नहीं हो।

महापौर पारस सिंघवी ने नगर निगम अधीक्षण अभियंता लखनलाल बेरवा एवं सहायक अभियंता विजय सिंह चौहान को गैराज की समस्त व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भी बातचीत कर उनकी जिम्मेदारियां तय करते हुए कहा कि सभी आपसी समन्वय से कार्य करें और बिना किसी देरी के व्यवस्थाओं को सुधारें।

महापौर ने स्पष्ट किया कि नगर निगम के संसाधनों का बेहतर उपयोग और शहरवासियों को समय पर सुविधाएं उपलब्ध करवाना निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News