उदयपुर मेयर पारस सिंघवी ने सेक्टर-4 मुख्य मार्ग एवं कनक हॉस्पिटल मार्ग की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

 | 
UMC Mayor Inspection

 

Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर नगर निगम महापौर पारस सिंघवी ने भाजपा जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह के साथ गुरुवार देर रात शहर की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए सेक्टर-4 मुख्य मार्ग एवं कनक हॉस्पिटल मार्ग का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने सड़क, डिवाइडर, पौधारोपण, रोड लाइट एवं सफाई व्यवस्था का मौके पर निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

महापौर सिंघवी द्वारा किए निरीक्षण के दौरान सड़क के बीच बने डिवाइडर पर लगे पौधे कई स्थानों पर अव्यवस्थित नजर आए। इस पर महापौर ने तत्काल उद्यान शाखा के अधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क कर डिवाइडर पर लगे पौधों को व्यवस्थित करने एवं उनकी नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शहर की सुंदरता बनाए रखने के लिए डिवाइडर एवं ग्रीन बेल्ट की नियमित देखरेख आवश्यक है।

महापौर पारस सिंघवी ने क्षेत्र की रोड लाइट व्यवस्था का भी जायजा लिया और खराब अथवा बंद लाइटों को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य मार्ग एवं आसपास की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा नियमित सफाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

महापौर पारस सिंघवी ने कहा कि शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए उनके द्वारा लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उदयपुर के अन्य क्षेत्रों में भी इसी प्रकार औचक निरीक्षण किए जाएंगे और जहां कहीं भी व्यवस्था में कमी मिलेगी, उसे प्राथमिकता से दुरुस्त कराया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों को आश्वस्त किया कि शहर की स्वच्छता, सुंदरता और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने में कोई कमी नहीं रखी जाएगी।

निरीक्षण के दौरान भारतीय जनता पार्टी जिला मंत्री अशोक शर्मा, पूर्व जिला परिषद सदस्य किशन मेघवाल, पूर्व पार्षद चंदू सुखलका एवं लवदेव बागड़ी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News