उदयपुर नगर निगम ने सफाई में अव्यस्था पर ठेकेदार को नोटिस

 | 
UMC

 

Udaipur Times, Udaipur  News: उदयपुर शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और रोड स्वीपिंग से एकत्रित कचरे का समय पर निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम ने संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी किया है।

निरीक्षण के दौरान संज्ञान में आया कि ठेका फर्म द्वारा निविदा में निर्धारित शर्तों के अनुसार कार्य नहीं किया जा रहा है तथा कचरा संग्रहण, परिवहन और एमटीएस की सफाई से संबंधित विभिन्न शर्तों की पालना में लापरवाही बरती जा रही है। निगम महापौर पारस सिंघवी ने स्पष्ट किया है कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्धारित शर्तों का पालन नहीं करने पर संबंधित फर्म के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निगम महापौर पारस सिंघवी ने बताया कि नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में रोड स्वीपिंग से एकत्रित कचरे के निस्तारण के लिए निविदा आमंत्रित की गई थी। इसके तहत आपी मल्टी क्लीन सर्विसेज को 1 अप्रैल 2026 को कार्यादेश जारी किया गया था। निरीक्षण के दौरान निविदा की शर्त संख्या 4 के बिंदु 4.1.6 के विभिन्न प्रावधानों की पालना में कमी सामने आई। निविदा की शर्तों के अनुसार प्राथमिक कचरा संग्रहण एवं परिवहन के लिए 23 ऑटो टिपर लगाए जाने हैं। प्रत्येक टिपर के साथ एक चालक और एक स्वीपर अथवा सैनिटेशन वर्कर की तैनाती अनिवार्य है। इसी प्रकार द्वितीय परिवहन के लिए छह कॉम्पेक्टर गाड़ियां, एक एक्सकेवेटर-कम-लोडर मशीन, दो डंपर ट्रक और पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली का उपयोग किया जाना निर्धारित है। वहीं, प्रत्येक एमटीएस पर दो स्वीपर तैनात कर परिसर की नियमित सफाई करवाना भी निविदा की अनिवार्य शर्त है।

निरीक्षण के दौरान इन निर्धारित व्यवस्थाओं से संबंधित शर्तों की पूर्ण पालना नहीं पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को फर्म को पाबंद करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, निर्देशित किया गया है कि यदि फर्म द्वारा शर्तों की पालना सुनिश्चित नहीं की जाती है, तो उसे डिबार करने संबंधी कार्रवाई की जाए और तीन दिवस के भीतर कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

निगम महापौर पारस सिंघवी ने कहा कि सफाई व्यवस्था पर लाखों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद यूडीए क्षेत्रों में अपेक्षित स्तर की सफाई नहीं होना गंभीर विषय है। इसलिए ठेका फर्म को अपनी जिम्मेदारी के अनुरूप निर्धारित संसाधनों, कर्मचारियों और व्यवस्थाओं के साथ कार्य करना होगा। सफाई कार्यों की निगरानी की जाएगी तथा निविदा की शर्तों की अवहेलना पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News