उदयपुर के नए कलेक्टर होंगे गौरव अग्रवाल
उदयपुर 1 अप्रैल 2026। राजस्थान सरकार ने मंगलवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 65 IAS अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस सूची में उदयपुर ज़िला कलेक्टर समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर बदलाव किए गए हैं।
जोधपुर के कलेक्टर और UPSC टॉपर गौरव अग्रवाल को उदयपुर का नया ज़िला कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वहीं वर्तमान उदयपुर कलेक्टर नमित मेहता को आबकारी आयुक्त बनाया गया है। वे उदयपुर में ही रहकर पूरे प्रदेश के आबकारी विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे।
जनजाति क्षेत्रीय विकास (TAD) आयुक्त कन्हैयालाल स्वामी का तबादला जोधपुर संभागीय आयुक्त के पद पर किया गया है। वहीं आबकारी आयुक्त नकाते शिवप्रसाद मदन को अक्षय ऊर्जा निगम का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।
उदयपुर ज़िला परिषद की CEO टीना डाबी की बहन रीया डाबी को मुख्यमंत्री का OSD बनाया गया है। UDA कमिश्नर राहुल जैन को जोधपुर नगर निगम आयुक्त लगाया गया है, हालांकि UDA कमिश्नर के पद पर फिलहाल किसी की नियुक्ति नहीं की गई है। इसके अलावा एल.एन. मंत्री लंबे समय बाद उदयपुर लौट रहे हैं, वे वर्तमान में पाली कलेक्टर हैं।
नए कलेक्टर गौरव अग्रवाल 2014 बैच के IAS अधिकारी हैं और उसी वर्ष UPSC परीक्षा में टॉपर रहे थे। प्रशिक्षण के बाद उनकी पहली नियुक्ति 25 जून 2015 को झालावाड़ में सहायक कलेक्टर के रूप में हुई थी। उन्होंने 16 वर्ष की उम्र में IIT-JEE परीक्षा में 45वीं रैंक हासिल की थी और IIT कानपुर से कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया है।
#Udaipur #RajasthanNews #IASTransfers #GauravAgrawal #UdaipurCollector #RajasthanIAS #BreakingNews #UdaipurNews #JodhpurNews #TinaDabi #RajasthanGovernment #LocalNewsUdaipur