उदयपुर: बिलिया में घुमन्तु व अर्द्ध-घुमन्तु परिवारों को लॉटरी से मिलेंगे आवास

 | 
udaipur housing

 

 

Udaipur Times, Udaipur Housing Scheme: उदयपुर विकास प्राधिकरण की साधारण बैठक शुक्रवार को UDA अध्यक्ष एवं संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी की अध्यक्षता तथा आयुक्त अभिषेक खन्ना की उपस्थिति में हुई।

UDA सचिव राजपालसिंह ने बताया कि बैठक में राज-उन्नति की चतुर्थ बैठक में दिए गए निर्देशों की अनुपालना के क्रम में विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्द्ध-घुमन्तु जातियों के आवासहीन व्यक्तियों को आवास उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। अध्यक्ष प्रज्ञा केवलरमानी ने प्राधिकरण के परिधि क्षेत्रों में निवासरत घुमन्तु एवं अर्द्ध-घुमन्तु परिवारों के सर्वेक्षण प्रतिवेदन का अवलोकन किया। 

राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप आवास आवंटन हेतु चिन्हित ऐसे परिवार, जो वर्तमान में कच्चे/अर्द्ध-कच्चे मकानों, झोपड़ियों, टीन शेड, किराये के मकानों अथवा राजकीय भूमि पर निवास कर रहे हैं, उन्हें प्रथम चरण में एकीकृत आवास एवं झुग्गी बस्ती विकास कार्यक्रम (आईएचएसडीपी) योजना के अंतर्गत राजस्व ग्राम बिलिया में निर्मित रिक्त आवास लाॅटरी के माध्यम से आवंटित किए जाने का निर्णय लिया गया । 

साथ ही राजस्व ग्राम बिलिया में आंगनवाड़ी भवन, गार्डन एवं सभा भवन के मरम्मत का निर्णय लिया गया, ताकि इन परिवारों को योजना के अंतर्गत निर्मित आवासों में आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सके। निर्मित आवासों के मरम्मत कार्य हेतु 2 करोड़ 90 लाख 86 हजार 257 रूपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त कर निविदाएँ (टेंडर) जारी कर दी गई हैं। संभागीय आयुक्त ने आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध रूप से पूर्ण कराकर संबंधित परिवारों को जल्द से जल्द लाभान्वित करने के निर्देश दिए। बैठक उपरान्त IHSDP योजना के अंतर्गत निर्मित आवासों का मौका निरीक्षण किया गया।

बैठक में अतिरिक्त मुख्य अभियंता PHED शैतान सिंह, अधिशासी अभियंता AVVNL संदीप कोठारी, उप नगर नियोजक अपूर्वा परासर, उपायुक्त रमेशचंद्र बहेड़िया, निदेशक वित्त खुशबू आमेटा, निदेशक (प्लान) नरहरि सिंह, अतिरिक्त मुख्य अभियंता हितेष सुखवाल आदि उपस्थित रहे।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News