उदयपुर पंचायत चुनाव 2026: दूसरे चरण की स्क्रूटिनी में 104 नामांकन खारिज

 | 
Udaipur Panchayat Election

 

Udaipur Times, Udaipur Panchayat Election 2026: पंचायती राज आम चुनाव 2026 के तहत उदयपुर जिले में दूसरे चरण की 6 पंचायत समितियों के सदस्यों के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इस चरण में कुल 96 निर्वाचन क्षेत्रों (वार्डों) के लिए 371 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे, जिनमें से संवीक्षा के बाद 104 नामांकन खारिज कर दिए गए हैं। अब मैदान में कुल 266 वैध उम्मीदवार बचे हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने बताया कि गोगुंदा पंचायत समिति के कुल 19 निर्वाचन क्षेत्रों में सबसे अधिक 79 नामांकन दाखिल हुए, जिनमें से 27 खारिज होने के बाद 52 वैध उम्मीदवार शेष हैं। कोटड़ा में 17 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 66 नामांकन प्राप्त हुए, जिसमें से 17 खारिज होने के बाद 49, देवला के 15 निर्वाचन क्षेत्रों में 64 नामांकन आए, जिसमें से 20 खारिज होने के बाद 44 तथा बड़गांव के 15 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 52 नामांकन भरे गए, जिनमें से 10 खारिज और 1 निरस्त होने के बाद 41 वैध उम्मीदवार हैं। इसी प्रकार सुलाव में 15 निर्वाचन क्षेत्रों में 52 नामांकन आए, जिनमें से 11 खारिज होने के बाद 41 और सायरा में 15 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 58 नामांकन आए, जिसमें से 19 खारिज होने के बाद 39 वैध उम्मीदवार हैं। नाम वापसी की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित है। इसके पश्चात अंतिम सूची जारी करते हुए चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। दूसरे चरण का मतदान 28 अक्टूबर को होगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News