उदयपुर पंचायत चुनाव-2026: तीसरे चरण मे 9 नामांकन वापस, अब 214 उम्मीदवार मैदान में
Udaipur Times, Udaipur News: पंचायत चुनाव 2026 के तहत उदयपुर जिले की चार पंचायत समितियों में तीसरे चरण के चुनाव के लिए उम्मीदवारों की स्थिति साफ हो गई है।
नाम वापसी के अंतिम दिन सोमवार को कुल 9 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन वापस लिए। अब 4 पंचायत समितियों के 62 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 214 अंतिम उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, जिनमें 118 पुरुष और 96 महिला प्रत्याशी शामिल हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने बताया कि कल्याणपुर में 4, नयागांव और ऋषभदेव में 2-2 तथा खेरवाड़ा में 1 प्रत्याशी ने नाम वापस लिया।
कल्याणपुर के 15 निर्वाचन क्षेत्रों में सर्वाधिक 60 उम्मीदवार मैदान में हैं। खेरवाड़ा के 17 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 57 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं। नयागांव के 15 क्षेत्रों में 50 उम्मीदवार तथा ऋषभदेव के 15 निर्वाचन क्षेत्रों में सबसे कम 47 उम्मीदवार हैं।
तृतीय चरण में जिला परिषद के 8 वार्डों में 24 प्रत्याशी हैं। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के मतदान 3 नवम्बर को तथा पंच-सरपंच के लिए मतदान 5 नवम्बर को होगा।