उदयपुर पंचायत चुनाव: 1023 प्रत्याशियों के भाग्य का खुलेगा पिटारा

 | 
udaipur panchayat Election Counting

 

Udaipur Times, Udaipur Panchayat Election, Vote Counting: पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत उदयपुर जिले में जिला परिषद के 47 तथा समस्त 20 पंचायत समितियों में 318 वार्डों के लिए मतगणना शुक्रवार 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से प्रारंभ होगी।

मतगणना प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) गौरव अग्रवाल के निर्देशन में व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। वहीं जिला पुलिस अधीक्षक डॉ अमृता दुहन के निर्देशन में कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं।

जिले की 590 ग्राम पंचायतों के कुल 1611 मुख्य मतदान केंद्रों और सहायक मतदान केंद्रों की मतगणना के लिए उदयपुर मुख्यालय पर दो प्रमुख केंद्र बनाए गए हैं। मतगणना दो स्थानों पर होगी और प्रत्येक पंचायत समिति की गणना दो राउंड में पूरी की जाएगी।

राजस्थान कृषि महाविद्यालय में 5 पंचायत समितियों झाड़ोल, फलासिया, कुराबड़, वल्लभनगर और गिर्वा के वोटों की गिनती होगी।

इसी प्रकार पीएम श्री राजकीय फतह उच्च माध्यमिक विद्यालय में शेष 15 पंचायत समितियों ओगणा, भीण्डर, नाई, मावली, घासा, सायरा, कोटड़ा, सुलाव, गोगुन्दा, बड़गांव, देवला, नयागांव, कल्याणपुर, खेरवाड़ा और ऋषभदेव की मतगणना संपन्न होगी। इसके अतिरिक्त, इसी विद्यालय के प्राचार्य कक्ष व एक अतिरिक्त कक्ष में जिला परिषद चुनाव के डाक मतपत्रों की गणना और परिणाम संकलन का कार्य किया जाएगा।

1023 प्रत्याशियों के भाग्य का खुलेगा पिटारा

पंचायती राज आम चुनाव के तहत उदयपुर जिले में जिला परिषद तथा पंचायत समितियों के कुल 1023 प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा शुक्रवार को खुलेगा। जिला परिषद के 47 वार्डों के लिए कुल 126 प्रत्याशियों के लिए वोटिंग हुई हैं। वहीं झाड़ोल पंचायत समिति के 15 वार्डों में 44 प्रत्याशी, भींडर के 19 वार्डों में 59, घासा के 17 निर्वाचन क्षेत्रों में 39, गिर्वा के 15 वार्डों में 43 तथा कुराबड़ के 15 वार्डों में 32 प्रत्याशी, मावली के 17 वार्डों में 41 प्रत्याशी, नाई के 15 निर्वाचन क्षेत्रों में 46, ओगणा के 15 वार्डों में 39, फलासिया के 15 वार्डों में 49 , वल्लभनगर के 17 निर्वाचन क्षेत्रों में 43 प्रत्याशी हैं। इसी प्रकार बड़गांव के 15 वार्डों में 35, देवला के 15 वार्डों में 40, गोगुन्दा के 19 वार्डों में 48, कोटड़ा के 17 वार्डां में 47 तथा सायरा और सुलाव के 15-15 वार्डों में 39-39 प्रत्याशियों ने भाग्य आजमाया है। इसी क्रम में कल्याणपुर के 15 निर्वाचन क्षेत्रों में 60 प्रत्याशी, खेरवाड़ा के 17 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 57 प्रत्याशी, नयागांव के 15 क्षेत्रों में 50 उम्मीदवार तथा ऋषभदेव के 15 निर्वाचन क्षेत्रों में 47 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा।

कहां कितना हुआ था मतदान

जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के लिए मतदान 3 चरणों में संपन्न हुआ। इसमें कुल 13 लाख 81 हजार 382 मतदाताओं में से 9 लाख 28 हजार 436 मतदाताओं ने वोट डाले। नाई पंचायत समिति में 80.86 प्रतिशत, झाड़ोल में 75.64 प्रतिशत, ओगणा में 74.78 प्रतिशत, फलासिया में 73.46 प्रतिशत, गिर्वा में 69.40 प्रतिशत, घासा में 65.51 प्रतिशत, मावली में 62.30 प्रतिशत, वल्लभनगर में 61.29 प्रतिशत, भींडर में 60.18 प्रतिशत एवं कुराबड़ पंचायत समिति में 58.97 प्रतिशत मतदान हुआ। दूसरे चरण में कोटड़ा पंचायत समिति क्षेत्र में 78.15 प्रतिशत, देवला में 72.94 प्रतिशत, बड़गांव में 71.16 प्रतिशत, गोगुंदा में 69.41 प्रतिशत, सुलाव में 68.38 प्रतिशत तथा सायरा पंचायत समिति क्षेत्र में 58.44 प्रतिशत मतदान हुआ। इसी प्रकार तृतीय चरण में कल्याणपुर में 67.06 प्रतिशत, ऋषभदेव में 66.75 प्रतिशत, नयागांव में 64.87 प्रतिशत तथा खेरवाड़ा पंचायत समिति में 61.90 प्रतिशत मतदान हुआ है।

यह रहेगी प्रवेश व्यवस्था

उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपेंद्रं सिंह राठौड़ ने बताया कि मतगणना स्थलों पर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रवेश द्वारों का स्पष्ट विभाजन किया गया है। गेट नंबर 1 से संबंधित जिला परिषद एवं पंचायत समिति वार्डों के गणन अभिकर्ताओं (काउंटिंग एजेंट्स) और मीडिया कर्मियों को प्रवेश दिया जाएगा। गेट नंबर 2 से रिटर्निंग अधिकारी (आरओ), गणना स्टाफ और विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्मिक प्रवेश करेंगे। यहां कार्मिक प्रकोष्ठ का काउंटर भी स्थापित रहेगा। अभिकर्ताओं की पहचान के लिए फोटोयुक्त प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। जिला परिषद अभिकर्ता के लिए पीला और पंचायत समिति सदस्य के अभिकर्ता के लिए नीला पास निर्धारित किया गया है। पंचायत समिति सदस्य के प्रत्येक वार्ड की गणना एक ही टेबल पर होने के कारण प्रत्येक अभ्यर्थी केवल एक ही गणन अभिकर्ता नियुक्त कर सकेगा।

पहले डाक मतपत्र, फिर ईवीएम से होगी गणना

जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेशानुसार, मतगणना की शुरुआत में सर्वप्रथम डाक मतपत्रों (पोस्टल बैलेट) की गिनती की जाएगी। इसके बाद स्ट्रांग रूम से संबंधित मतदान केंद्र की कंट्रोल यूनिट (सीयू) गणना टेबल पर लाई जाएगी। प्रत्येक टेबल पर एक गणना पर्यवेक्षक और दो गणन सहायक तैनात रहेंगे, जो जिला परिषद और पंचायत समिति के वार्डों के परिणाम साथ-साथ दर्ज करेंगे। जिस वार्ड की मतगणना चल रही होगी, केवल उसी से संबंधित अभिकर्ता कक्ष में उपस्थित रह सकेंगे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News