5 साल से एक ही थाने में जमे 96 कांस्टेबलों का होगा रोटेशन

उदयपुर पुलिस ट्रांसफर 2026

 | 
Smugglers Attack Udaipur Police Team During Liquor Smuggling Crackdown | Kherwada Crime News

उदयपुर 19 जनवरी 2026। ज़िले के विभिन्न थानों में पांच साल से अधिक समय से जमे 96 कांस्टेबलों के तबादलों की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एसपी योगेश गोयल ने ऐसे सभी कांस्टेबलों की सूची जारी करते हुए उनके रोटेशन के निर्देश दिए हैं। इसके बाद ज़िलेभर के थानों में हलचल देखी जा रही है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि यह पूरी प्रक्रिया प्रशासनिक है और इसका उद्देश्य पुलिसिंग को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और निष्पक्ष बनाना है। एसपी योगेश गोयल ने स्पष्ट किया कि लंबे समय से एक ही थाने में तैनात पुलिसकर्मियों का रोटेशन जरूरी है, ताकि व्यवस्था बेहतर ढंग से संचालित हो सके। सभी थानाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि चार दिन के भीतर ऐसे कांस्टेबलों के नाम सार्वजनिक किए जाएं, जो पांच साल से अधिक समय से एक ही थाने में तैनात हैं।

प्रशासन ने यह भी साफ कर दिया है कि किसी भी कांस्टेबल को दोबारा उसी थाने में नहीं भेजा जाएगा, जहां वह पहले से लंबे समय तक तैनात रहा है। साथ ही पारिवारिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों को ध्यान में रखने की भी बात कही गई है। यह भी देखा जा रहा है कि फिलहाल संबंधित पुलिसकर्मी थाने में किस तरह का कार्य देख रहे हैं।

ज़िले में यातायात शाखा में सबसे अधिक 13 कांस्टेबल लंबे समय से जमे हुए पाए गए हैं। भींडर में 6, प्रतापनगर और गोवर्धन विलास में 5-5, वल्लभनगर, हिरणमगरी, हाथीपोल, घंटाघर, सूरजपोल और सविना में 4-4 कांस्टेबल शामिल हैं। अंबामाता, कोटड़ा, ओगणा, महिला थाना, भूपालपुरा, खेरवाड़ा और डबोक में 3-3, जबकि कानोड़, घासा, पानरवा, पर्यटन थाना, सायरा और फतहनगर में 2-2 कांस्टेबल वर्षों से एक ही जगह तैनात हैं। कई चौकियों और थानों में एक-एक कांस्टेबल भी लंबे समय से जमे हुए हैं।

इधर, ज़िले में पदोन्नति की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। एसपी योगेश गोयल के आदेश पर 53 कांस्टेबलों को हेड कांस्टेबल पद पर पदोन्नत किया गया है, जिनमें 6 महिला कांस्टेबल भी शामिल हैं। प्रमोशन के बाद तीन कांस्टेबल सुल्तानपुर भेजे गए हैं, जबकि एक-एक कांस्टेबल चित्तौड़गढ़, करौली, सीकर, बालोतरा, जयपुर, जैसलमेर और अलवर भेजा गया है। एक कांस्टेबल को एसीबी, उदयपुर में तैनाती दी गई है। अन्य पदोन्नत कर्मचारियों को ज़िले के विभिन्न थानों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

एसपी योगेश गोयल का कहना है कि इस पूरे अभ्यास का मकसद केवल तबादले करना नहीं है, बल्कि पुलिस व्यवस्था को दुरुस्त करना है, ताकि आम जनता को बेहतर और निष्पक्ष पुलिसिंग का अनुभव मिल सके।

#UdaipurTimes #UdaipurTimesNews #UdaipurTimesOfficial #UdaipurNews #UdaipurPolice #RajasthanPolice #PoliceTransfer #PolicePromotion