15 अक्टूबर तक सुधरेंगी उदयपुर की सड़कें
अतिवृष्टी से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए चलेगा अभियान
उदयपुर, 10 सितंबर 2025। उदयपुर में जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच लगभग दो घंटे तक चले संवाद में अतिवृष्टी से क्षतिग्रस्त सड़कें, जल भराव, अतिक्रमण, सफाई व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, अघोषित विद्युत कटौती, सार्वजनिक सुविधाओं के विकास सहित आमजन से जुड़ी अन्य समस्याएं खुलकर अधिकारियों के सामने रखी गई।
15 अक्टूबर से पहले सड़कों की बदलेगी सूरत- ज़िला कलक्टर
जनप्रतिनिधियों की ओर से बारिश में क्षतिग्रस्त सड़कों का मुद्दा उठाया गया। इस पर ज़िला कलक्टर नमित मेहता ने UDA, नगर निगम और PWD के अधिकारियों को 15 अक्टूबर से पहले शहर की क्षतिग्रस्त सड़कों को ठीक करने के निर्देश दिए। शहर में आवारा कुत्तों के हमलों और मवेशियों की वजह से होने वाली दुर्घटनाओं का मुद्दा भी उठाया गया। इस पर ज़िला कलक्टर ने नगर निगम आयुक्त को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अतिक्रमण हटाने और सफाई व्यवस्था में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।
ज़िला प्रशासन ने आपदा राहत में किया सराहनीय कार्य- गजपाल सिंह राठौड़
गजपाल सिंह राठौड़ ने ज़िले में अतिवृष्टी के दौरान ज़िला प्रशासन की सतर्कता और संवेदनशीलता की प्रशंसा की। आयड़ नदी में तेज बहाव में फंसे युवक के रेस्क्यू में विभागीय समन्वय की भी सराहना की। उन्होंने ज़िला प्रशासन का आभार प्रकट करते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासनिक संवेदनशीलता के ऐसे उदाहरण सभी को प्रेरित करते हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने कहा की जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के बीच समन्वय अति आवश्यक है। कई बार आमजन से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों तक नहीं पहुंच पाती और छोटी-सी समस्या भी बड़ी बन जाती है। इसलिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच नियमित संवाद जरूरी है। संवाद से समस्याओं के समाधान का रास्ता खुलता है।
महामंत्री पारस सिंघवी और देवीलाल सालवी ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच संवाद से जन समस्याओं के समाधान की इस पहल के लिए आभार प्रकट किया।
इस दौरान अतिरिक्त ज़िला कलक्टर प्रशासन दीपेंद्र सिंह राठौड़, नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, UDA आयुक्त राहुल जैन सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रमोद सामर, भाजपा ज़िला महामंत्री पारस सिंघवी और सभी 12 मंडलों के अध्यक्ष भी इस दौरान उपस्थित रहे।
#Udaipur #UdaipurNews #UdaipurRoads #UdaipurAdministration #UDA #PWD #UdaipurNagarNigam #CollectorNamitMehta #UdaipurUpdates #UdaipurTimes