फरियादियों के बीच पहुंचीं उदयपुर एसपी डॉ. अमृता दुहन
Udaipur Times, Udaipur Police: 4 जुलाई 2026। उदयपुर ज़िला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन का शुक्रवार को एक अलग और संवेदनशील अंदाज देखने को मिला। एसपी अपने कार्यालय से नीचे उतरकर सीधे फरियादियों के बीच पहुंचीं और एक-एक व्यक्ति की शिकायत सुनी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामलों का त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण करने के निर्देश दिए। एसपी की इस पहल से फरियादियों ने संतोष जताया और पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।
आमजन और पुलिस के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने की दिशा में उदयपुर पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने एक सकारात्मक पहल की। कार्यालय परिसर में मौजूद फरियादियों से एसपी ने एक-एक कर बातचीत की और प्रत्येक शिकायत की पूरी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का त्वरित, निष्पक्ष और नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को समय पर न्याय मिल सके।
फरियादियों से संवाद के दौरान डॉ. अमृता दुहन ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उनकी हर शिकायत पर कानून के दायरे में रहकर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना भी है। एसपी की इस कार्यशैली से कार्यालय पहुंचे लोगों में संतोष का माहौल दिखाई दिया। लोगों ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी के स्वयं उनके बीच आकर समस्याएं सुनने से विश्वास बढ़ा है और अपनी बात सीधे रखने का अवसर मिला है।
आपको बता दे कि बुधवार को एक विडियों सोशल मिडिया पर वायरल हुआ था। जिसमें एक बुर्जुग महिला सीढियों से चढ कर एसपी ऑफिस पहूंची। लेकिन महिला की हालात इतनी खराब थी कि हाथों के सहारे उसने इस सीढियों को पार किया। विडियों वायरल होे के बाद अब एसपी ने उस पर संज्ञान लेते हुए व्यवस्थाओं में बदलाव किया है।
