उदयपुर के झाड़ोल से गुजरात का सफर होगा आसान, सीसारमा-नांदेश्वर रोड होगी चौड़ी
Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर के झाड़ोल से गुजरात का सफर आसान होने वाला है। शहर के रामपुरा सर्कल से होकर सीसारमा से नांदेश्वर तक बेहद संकरी और खस्ताहाल रोड को चौड़ा बनाने के रास्ता साफ हो गया है।
केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण और वन मंत्रालय ने उदयपुर विकास प्राधिकरण (UDA) को इस परियोजना के लिए 1.872 हेक्टेयर वन भूमि के उपयोग की शुरुआती मंजूरी दे दी है।
20 से 25 किलोमीटर का सफर कम होगा
सीसारमा से नांदेश्वर तक की सड़क के बेहद संकरी और खस्ताहाल होने की वजह से शहर से झाड़ोल हाइवे तक पहुँचने के लिए बलीचा हाइवे से होकर अतिरिक्त 20 से 25 किलोमीटर का अनावश्यक चक्कर लगाना पड़ता है। यदि सीसारमा-नांदेश्वर रोड चौड़ा हो जाए तो शहर के लोग रामपुरा से होकर झाड़ोल हाइवे से सीधे गुजरात के ईडर तक जुड़ सकेंगे।
इसके अलावा उदयपुर से झाड़ोल, फलासिया, कोटड़ा और पानरवा क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों का शहर मे आना जाना आसान होगा। साथ ही शहए के आसपास के नांदेश्वर, अलसीगढ़ जैसे पर्यटन स्थलों तक कनेक्टिविटी आसान हो जाएगी।
UDA को पूरी करनी होगी यह शर्ते
अभी सीसारमा-नांदेश्वर रोड चौड़ा करने की शुरुआती मंजूरी मिली है । आगे केंद्र सरकार से अंतिम मंजूरी लेने के लिए पर्यावरणीय शर्तों की अनुपालना रिपोर्ट भेजनी होगी। इन शर्तों के तहत वन भूमि पर कार्यरत मजदूरों के लिए कैम्प बनाने पर रोक, खुदाई से निकले मलबे को तय जगह पर ही डालना होगा। प्राकृतिक नालों और नदियों पर बने पुलिया को इस तरह बनाना होगा ताकि पानी का बहाव और वन्यजीवों की आवाजाही प्रभावित न हो सके।