सेवानिवृत्ति के आखिरी दिन तत्कालीन UIT सचिव नितेन्द्रपाल सिंह निलंबित

सांसद रावत के पत्र के बाद निलंबन की कार्रवाई

 | 
suspended

उदयपुर 28 फ़रवरी 2025। उदयपुर विकास प्रन्यास (अब उदयपुर विकास प्राधिकरण) के तत्कालीन सचिव नितेन्द्रपाल सिंह को राज्य सरकार ने निलंबित कर दिया है। शुक्रवार को ही नितेंद्रपाल सिंह की सेवानिवृत्ति का आखिरी दिन था। इससे पूर्व उनके खिलाफ मिली शिकायतों पर उन्हें निलंबित कर दिया गया। 

उल्लेखनीय है कि सांसद मन्नालाल रावत ने उदयपुर विकास प्रन्यास के तत्कालीन सचिव नितेन्द्रपाल सिंह तथा अन्य अधिकारियों के खिलाफ कडी अनुशासनत्मक कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखा था। इस मामले में सांसद रावत ने उन्हें सूत्रों से मिली रिपोर्ट भी मुख्यमंत्री को पत्र के साथ भेजी थी। सांसद रावत ने नितेन्द्रपाल सिंह के कार्यकाल के दौरान हुए घोटालों की विस्तृत जांच करवाने की भी मांग की है। 

उदयपुर विकास प्राधिकरण, उदयपुर की वर्ष 2022-24 के लेखा अंकेक्षण प्रतिवेदन, तथ्यात्मक रिपोर्ट विभिन्न मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उदयपुर विकास प्रन्यास के अधिकारियों ने लगभग 1000 करोड़ से अधिक का घोटाला किया है एवं नियमों के विरुद्ध कई प्लानिंग की अनुमति दी है। 

सूत्रों के अनुसार इस संबंध में स्थानीय निधि अंकेक्षण विभाग, उदयपुर द्वारा अंकेक्षण रिपोर्ट भी जारी की है, जिसके संबंध में उदयपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त सहित कई अधिकारियों ने रिपोर्ट का सारांश जारी करते हुए सरकार को प्रतिवेदन प्रस्तुत किया है कि संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए एवं विस्तृत अंकेक्षण रिपोर्ट भी तैयार की जाए। इस मामले में कार्रवाई नहीं होने पर सांसद डॉ मन्नालाल रावत ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News