सड़क पर कुर्सी, टेबल रखने पर निगम ने किए जब्त

अतिक्रमण के खिलाफ निगम की सख्ती

 | 
Encroachment

उदयपुर 11 मार्च 2026। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए सड़क पर टेबल-कुर्सी लगाकर व्यवसाय करने वालों पर कार्रवाई की है। सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) कार्यालय के सामने सड़क पर लगाए गए टेबल-कुर्सियों एवं अन्य सामान को निगम टीम ने जब्त कर लिया।

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि PWD कार्यालय गुलाब बाग के सामने स्थित “साईं बाबा पराठा सेंटर” एवं “पंडित परांठा सेंटर” द्वारा आमने सामने ही लंबे समय से ठेला व्यवसाय संचालित किया जा रहा था। इन व्यवसायियों द्वारा सड़क पर ही चार-चार टेबल लगाकर उनके चारों ओर कुर्सियां रख दी जाती थीं, जिससे सड़क पर अतिक्रमण हो रहा था, यही नहीं इनके द्वारा छाया हेतु प्लास्टिक का शामियाना लगाकर भी पूरे स्थान को घेरा हुआ था जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ ही शहर की सुंदरता भी खराब हो रही थी।

आयुक्त खन्ना ने बताया कि इस संबंध में स्थानीय लोगों द्वारा कई बार शिकायतें प्राप्त हुई थीं। शिकायतों के आधार पर निगम की ओर से संबंधित व्यवसायियों को कई बार चेतावनी दी गई कि वे सड़क पर टेबल-कुर्सियां लगाकर अतिक्रमण न करें, लेकिन चेतावनी के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ और निर्देशों की अनदेखी की जाती रही।

इसके बाद नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने निगम पुलिस निरीक्षक मांगीलाल डांगी को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशों की पालना में निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने सड़क पर लगाए गए सभी टेबल-कुर्सियों के साथ ही प्लास्टिक के टेंट सहित अन्य सामान को जब्त कर लिया। निगम टीम द्वारा यहां व्यवसाय करने वाले सभी ठेला संचाकालों को एक लाइन में कर सड़क पर यातायात को व्यवस्थित किया।

आयुक्त ने की शहरवासियों से अपील

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने कहा कि शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निगम द्वारा ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शहर के व्यवसायियों और आमजन से अपील की है कि वे सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें और नगर निगम के नियमों का पालन करें, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और शहर की सुंदरता भी बरकरार रह सके।

#Udaipur #UdaipurNews #RajasthanNews #GulabBagh #EncroachmentAction #UdaipurMunicipalCorporation #SmartCityUdaipur #TrafficManagement #LocalNewsUdaipur #UdaipurUpdates #RajasthanLocalNews

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News