निगम ने UD Tax से अर्जित किए 18.68 करोड़


निगम ने UD Tax से अर्जित किए 18.68 करोड़

शहर के विकास में आयुक्त ने मांगा सहयोग

 
UMC

उदयपुर 1 अप्रैल 2025। नगर निगम उदयपुर ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में नगरीय विकास कर में नया रिकॉर्ड स्थापित किया है।निगम द्वारा इस वर्ष में 18.68 करोड़ रुपए की रिकॉर्ड राशि अर्जित की है। 

नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने बताया कि निगम द्वारा तय किए गए नगरीय विकास कर इस वर्ष के लक्ष्य को समय पर प्राप्त कर लिया है। निगम द्वारा इस वर्ष कुल 18.68 करोड़ रुपए का नगरीय विकास कर अर्जित किया है। आयुक्त ने बताया कि कर संग्रहण को लेकर निगम द्वारा सख्ती भी की गई जो कि शहर के हित में आवश्यक थी।

शहर के विकास की अहम कड़ी है नगरीय विकास कर

नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने बताया की नगरीय विकास कर शहर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। शहर के विकास में निगम द्वारा समय-समय पर कई तरह के कार्य संपन्न करवाए जाते है। इन कार्यों में लाखों से करोड़ों रुपए का खर्च होते है। यह राशि इन्हीं कर द्वारा एकत्रित की जाती है। इस राशि को शहर के विकास में पुन उपयोग लिया जाता है। नगरी विकास कर शहर के विकास में अपनी अहम भूमिका अदा करता है।

स्व प्रेरणा से जमा करवाए टैक्स

नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने शहर वासियों से अपील करते हुए कहा है कि नगरीय विकास कर नगर निगम द्वारा तय किए गए मापदंड अनुसार प्रतिवर्ष लिया जाता है जिसको जमा करवाना नैतिक दायित्व है। शहर वासियों से अपील है कि निगम द्वारा कोई सख्त कदम उठाए उससे पहले अपना यू डी टैक्स जमा करवाए ओर अपने परिचित को भी अपना टैक्स जमा करवाने हेतु प्रेरित करें। 

मात्र 2 वर्ष में 11.1 करोड़ से 18.68 करोड़ हुआ टैक्स कलेक्शन

नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने बताया कि वर्ष 2022-23 में नगर निगम में 11 करोड़ 10 लाख रुपए का यू डी टैक्स जमा किया गया था। निगम की वर्तमान राजस्व शाखा की टीम द्वारा राजस्व अधिकारी नीतीश भटनागर के नेतृत्व में और अधिक प्रयास कर वर्ष 2024-25 में 11.10 करोड़ की राशि बढ़ोत्तरी कर 18 करोड़ 68 लाख का कर जमा किया गया है। राजस्व शाखा एवं कार्यकारी एजेंसी द्वारा इस कार्य में प्रशंसनीय प्रयास किए गए।

दिसंबर तक केवल चार करोड़ हुए थे जमा

नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने बताया कि माह दिसंबर 2024 केवल 4 करोड़ तथा फरवरी 2025 तक केवल 8 करोड़ UD टैक्स ही कलेक्शन हो पाया था नगर निगम ने मार्च महीने में 10 करोड़ से भी ज्यादा UD टैक्स का कलेक्शन किया. निगम टीम ने तय लक्ष्य को चुनौती के रूप में स्वीकार किया और शत प्रतिशत प्रयास करते हुए लक्ष्य को प्राप्त करते हुए 18.68 करोड़ रुपए का यू डी टैक्स प्राप्त किया।

कुल 108 सम्पतियों को किया सीज

नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने बताया कि उदयपुर शहर में कुल 108 संपत्तियों को सीज करने की कार्रवाई की गई। यह फैसला भी नगर निगम द्वारा मजबूरी में उठाया गया। यह वह संपत्तियां है जिन्होंने अपना नगरीय विकास कर वर्ष 2007 से नहीं जमा करवाया था एवं बार-बार नोटिस देने के बावजूद निगम से किसी भी प्रकार का कोई पत्र व्यवहार नहीं किया जा रहा था।

आयुक्त ने शहर वासियों का दिया धन्यवाद

नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने रिकॉर्ड राशि जमा होने पर सभी शहर वासियों का धन्यवाद देते हुए नगर निगम के प्रयास में दी गई सहभागिता हेतु धन्यवाद दिया है। आयुक्त ने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार शहर वासी अपना नगरीय विकास कर जमा कर अपना सहयोग निरंतर निगम को देवें जिससे शहर के विकास कार्य बिना किसी बाधा के संपूर्ण हो सके।

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal

News Hub