समस्त सार्वजनिक शौचालयों में निगम ने लगवाए QR कोड

QR कोड के माध्यम से शहरवासी सफाई व्यवस्था की दे सकेंगे फीडबैक

 | 
QR Code on Pulbilc toilet

उदयपुर 3 जून 2025। शहर में स्वच्छता को लेकर नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश द्वारा एक और नई पहल शुरू की गई है, आयुक्त ने शहर के सभी सामुदायिक एवं सार्वजनिक शौचालयों में क्यूआर कोड (QR Code) की व्यवस्था की है। इस QR Code के माध्यम से हर शहरवासी अपने स्मार्टफोन के माध्यम से मात्र एक क्लिक में शौचालय की साफ-सफाई और वहां उपलब्ध सुविधाओं तथा कमियों के बारे में सटीक जानकारी दे सकेंगे।

नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने बताया कि निगम द्वारा शहर में सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालय में उपलब्ध सुविधा या असुविधा की शिकायत या सुझाव की सटीक जानकारी नगर निगम तक नहीं पहुंच पाती थी। शहरवासियों के साथ शौचालय का उपयोग करने वाले पर्यटक शौचालय की सुविधा से असंतुष्ट होने पर भी किसी को शिकायत नहीं कर पाते थे। 

जानकारी के अभाव में शौचालय की व्यवस्था में भी कोई बदलाव नहीं हो रहा था। इसी को लेकर निगम आयुक्त राम प्रकाश द्वारा नवाचार करते हुए सभी सामुदायिक एवं सार्वजनिक शौचालय में QR Code लगवाए गए है। इस QR Code के माध्यम से नागरिक अपने स्मार्टफोन से एक क्लिक से शौचालय की साफ-सफाई तथा उपलब्ध सुविधाओं एवं कमियों के बारे में जानकारी निगम तक पहुंच सकेंगे जिससे निगम द्वारा भी आवश्यक अग्रिम कार्रवाई की जा सकेगी। 

आयुक्त ने बताया कि यह कार्य शहर वासियों की सुविधाओं को लेकर प्रारंभ किया गया है। शहर वासी सभी सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी अवश्य साझा करें।

शहरवासियों से आयुक्त की अपील

नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने शहर वासियों से अपील करते हुए कहा है कि शहर में नगर निगम द्वारा सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालय बनवाए गए है। यह शौचालय हर समय स्वच्छ एवं साफ रहे इसको लेकर नगर निगम द्वारा व्यवस्था की गई है लेकिन कई स्थानों पर व्यवस्था सही नहीं मिलती है लेकिन जानकारी के अभाव में निगम द्वारा भी कोई कार्रवाई नहीं की जाती है अतः शहरवासी शौचालय पर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में क्यूआर कोड के माध्यम से आवश्यक रूप से अवगत करवाए जिससे वहां की सुविधाओं को और अधिक कैसे व्यवस्थित बनाया जा सकता है, या किसी कमी में कैसे सुधार किया जा सकता है उसके बारे में अग्रिम कार्यवाही की जा सके। आयुक्त ने पूरी तरह आश्वस्त किया है कि शहरवासियों से जो भी सुझाव प्राप्त होंगे उन पर आवश्यक रूप से अमल किया जाएगा।