रानी रोड पर अवैध रूप से होटल वेस्ट खाली करते ट्रैक्टर को नगर निगम ने किया जब्त

 | 
Tractor Siezed at Rani Road Udaipur

 

Udaipur Times, Udaipur News: शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से कचरा डालने वालों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार देर रात रानी रोड पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। नगर निगम की टीम ने सड़क किनारे विभिन्न होटलों का कचरा खाली करते हुए एक ट्रैक्टर को मौके से जब्त किया। ट्रैक्टर को नगर निगम परिसर में रखवाया गया है।

नगर निगम महापौर पारस सिंघवी को सूचना प्राप्त हुई थी कि एक ट्रैक्टर शहर के विभिन्न होटलों से कचरा एकत्रित कर उसे निर्धारित कचरा निस्तारण स्थल पर ले जाने के बजाय रानी रोड सहित अन्य स्थानों पर सड़क किनारे अवैध रूप से खाली कर रहा है। इस प्रकार की गतिविधियों से न केवल शहर की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि पर्यटन नगरी उदयपुर की सुंदरता और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए महापौर पारस सिंघवी ने निगम स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा को संबंधित ट्रैक्टर की गतिविधियों पर नजर रखने तथा उसे अवैध रूप से कचरा खाली करते हुए पकड़कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

महापौर के निर्देश पर स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा ने पूरी योजना के साथ कार्रवाई की रणनीति तैयार की। शुक्रवार देर रात तक निगम टीम ने संबंधित ट्रैक्टर की गतिविधियों पर निगरानी रखी। इसी दौरान ट्रैक्टर को रानी रोड पर सड़क किनारे विभिन्न होटलों से एकत्रित किया गया कचरा अवैध रूप से खाली करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। निगम टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को जब्त कर लिया और उसे नगर निगम परिसर में खड़ा करवाया।

महापौर पारस सिंघवी ने स्पष्ट किया कि उदयपुर शहर की स्वच्छता और सुंदरता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। होटल, प्रतिष्ठान एवं अन्य व्यावसायिक संस्थान अपने कचरे का निस्तारण निर्धारित नियमों और व्यवस्थाओं के अनुरूप ही करें। सार्वजनिक सड़कों, झीलों के आसपास अथवा खुले स्थानों पर कचरा डालना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक और व्यावसायिक प्रतिष्ठान का भी दायित्व है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

महापौर ने की शहरवासियों से अपील, सफाई व्यवस्था में करे सहयोग

नगर निगम महापौर पारस सिंघवी ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण सूचना देने वाले अज्ञात सूचना धारक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शहर की सुंदरता और स्वच्छता के प्रति उनका जागरूक प्रयास सराहनीय है। उनकी सूचना के आधार पर ही अवैध रूप से कचरा खाली करते ट्रैक्टर को जब्त किया जा सका।

महापौर ने शहरवासियों से अपील की कि कहीं भी कोई व्यक्ति या वाहन सड़क किनारे अथवा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा खाली करता दिखाई दे तो तत्काल नगर निगम को सूचना दें। शहर की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक एवं नैतिक जिम्मेदारी है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News