अवैध ठेला संचालकों के खिलाफ उदयपुर नगर निगम चलाएगा सख्त अभियान, सभी ठेले होंगे जब्त
Udaipur Times, Udaipur News: झीलों की नगरी उदयपुर को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित एवं यातायात की दृष्टि से सुगम बनाने के उद्देश्य से नगर निगम अब शहर में अवैध रूप से संचालित हो रहे ठेलों के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू करने जा रहा है।
शहर के विभिन्न बाजारों, प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े होने वाले ठेला संचालकों के कारण आमजन एवं वाहन चालकों को लंबे समय से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए महापौर पारस सिंघवी ने नगर निगम अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर में बिना वैध अनुज्ञा के व्यवसाय करने वाले ठेला संचालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
निगम महापौर पारस सिंघवी ने कहा कि उदयपुर शहर अपनी ऐतिहासिक विरासत, सुंदरता, पर्यटन एवं सुव्यवस्थित बाजारों के लिए देश-दुनिया में पहचान रखता है। लेकिन वर्तमान में शहर के कई प्रमुख बाजारों एवं व्यस्त मार्गों पर अवैध रूप से संचालित ठेलों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। अनेक ठेला संचालक बिना किसी निर्धारित स्थान अथवा अनुमति के बीच बाजार में अपने ठेले खड़े कर देते हैं। इससे सड़क का बड़ा हिस्सा अवरुद्ध हो जाता है और राहगीरों एवं वाहन चालकों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई स्थानों पर तो स्थिति ऐसी हो जाती है कि पैदल चलने वालों के लिए भी रास्ता निकालना मुश्किल हो जाता है।
सिंघवी ने कहा कि शहर की इस अव्यवस्थित स्थिति को लेकर आम नागरिकों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है। कई लोगों द्वारा उदयपुर जैसे ऐतिहासिक एवं पर्यटन नगरी को दुर्भाग्यवश 'ठेला सिटी' तक की संज्ञा दी जाने लगी है। यह स्थिति नगर निगम के लिए भी चिंता का विषय है, क्योंकि शहर की व्यवस्था एवं सुंदरता बनाए रखना निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बाजारों में यातायात बाधित होने, दुकानों के सामने अतिक्रमण होने तथा सार्वजनिक रास्तों पर ठेले खड़े होने से व्यापारियों, स्थानीय निवासियों, पर्यटकों एवं आम राहगीरों सभी को परेशानी उठानी पड़ रही है।
महापौर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नगर निगम किसी भी व्यक्ति के रोजगार के विरुद्ध नहीं है। प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानपूर्वक आजीविका कमाने का अधिकार है, लेकिन व्यवसाय के नाम पर सार्वजनिक सड़कों, फुटपाथों एवं बाजारों पर अवैध कब्जा करना और आमजन के आवागमन में बाधा उत्पन्न करना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
शहर में व्यवसाय करने के लिए निर्धारित नियमों एवं आवश्यक अनुज्ञा का पालन करना अनिवार्य है। जिन ठेला संचालकों के पास नगर निगम की वैध अनुज्ञा नहीं है तथा जो बिना अनुमति के किसी भी स्थान पर ठेले लगाकर व्यवसाय कर रहे हैं, वे तत्काल अपने स्तर पर अपने ठेले हटा लें अन्यथा सख्त कार्रवाई झेलने को तैयार रहे।
महापौर पारस सिंघवी ने चेतावनी देते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा इस संबंध में किसी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई नहीं बरती जाएगी न ही सिफारिश सुनी जाएगी। शहर के किसी भी क्षेत्र में अचानक कार्रवाई शुरू की जा सकती है। निगम की टीम बाजारों, प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर अवैध रूप से संचालित ठेलों के विरुद्ध अभियान चलाएगी। कार्रवाई के दौरान बिना वैध अनुज्ञा एवं जहां की अनुज्ञा है उस स्थान के अलावा अन्यत्र स्थान पर पाए जाने वाले ठेलों को जब्त किया जाएगा तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई भी की जाएगी। इस अभियान में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी लोगों के विरुद्ध समान रूप से कार्रवाई की जाएगी।
महापौर ने कहा कि उदयपुर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के लिए केवल नगर निगम का प्रयास पर्याप्त नहीं है, बल्कि शहर के प्रत्येक नागरिक एवं व्यवसायी का सहयोग भी आवश्यक है। बाजारों में सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखना, फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त रखना तथा सार्वजनिक स्थानों का सही उपयोग सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
महापौर पारस सिंघवी ने सभी ठेला संचालकों से अपील की कि वे नगर निगम के नियमों का पालन करें और बिना वैध अनुज्ञा के किसी भी सार्वजनिक स्थान पर ठेला लगाकर व्यवसाय नहीं करें। निगम की कार्रवाई से बचने के लिए अंतिम समय का इंतजार करने के बजाय स्वयं ही अवैध रूप से लगाए गए ठेलों को हटा लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर की व्यवस्था, आमजन की सुविधा एवं उदयपुर की प्रतिष्ठा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
महापौर ने दोहराया कि उदयपुर को अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है और इस दिशा में अवैध ठेला संचालकों के विरुद्ध अभियान पूरी सख्ती के साथ चलाया जाएगा।
दुकान के बाहर भी नहीं लगाए ठेले
नगर निगम महापौर पारस सिंघवी ने दुकानों के बाहर लगने वाले ठेले पर भी इशारा करते हुए कहा कि कई लोगों ने अपनी दुकान के बाहर ठेले खड़े कर उन्हें किराए पर दिया गया है वह भी पूरी तरह अवैध है। निगम द्वारा ऐसे दुकान संचालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी अतः अच्छा है कि वह स्वयं अपने स्तर पर ठेलो को हटाकर अवैध कार्रवाई बंद करें।