नगर निगम के अनुपयोगी वाहनों की होगी नीलामी
निगम आयुक्त ने किया गैराज का औचक निरीक्षण, व्यवस्था में सुधार के दिए निर्देश
उदयपुर 3 अप्रैल 2026 । नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने गुरुवार को निगम के गैराज का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गैराज में खड़े वाहनों के रख-रखाव, मरम्मत कार्यों तथा रिकॉर्ड संधारण की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
रिकॉर्ड संधारण की हुई जांच
आयुक्त अभिषेक खन्ना ने गैराज में उपलब्ध वाहनों के रिकॉर्ड का निरीक्षण करते हुए उसे और अधिक व्यवस्थित एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वाहन का पूरा विवरण, उसकी वर्तमान स्थिति, मरम्मत सारणी एवं उपयोगिता का रिकॉर्ड सुव्यवस्थित होना चाहिए जिससे आवश्यकता के समय वाहनों का प्रभावी रूप से उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
जल्द हो उपयोगी वाहनों की मरम्मत
गुरुवार को गैराज निरीक्षण के दौरान आयुक्त अभिषेक खन्ना ने अधिशासी अभियंता लखन लाल बैरवा को विशेष रूप से उन वाहनों पर ध्यान देने के निर्देश दिए जिनकी मरम्मत संभव है। उन्होंने कहा कि ऐसे वाहनों को जल्द से जल्द ठीक करवाकर नगर निगम के दैनिक कार्यों में उपयोग में लिया जाए जिससे संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सके और सफाई कार्यों में सहायता मिल सके।
अनुपयोगी वाहनों की होगी नीलामी
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना द्वारा गुरुवार को निगम गैराज निरीक्षण के दौरान अनुपयोगी वाहनों को देख कर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जो वाहन पूरी तरह अनुपयोगी या नाकारा हो चुके हैं, उन्हें चिन्हित कर जल्द से जल्द नीलामी करने की विधिवत प्रक्रिया प्रारंभ की जाए। इससे गैराज में अनावश्यक स्थान घेर रहे वाहनों से मुक्ति मिलेगी और निगम को राजस्व भी प्राप्त होगा।
कार्मिकों को मिलेगा समय पर वेतन
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना द्वारा गुरुवार को किए गए निरीक्षण के दौरान संज्ञान में आया कि गैराज में कार्य कर रहे कुछ कार्मिकों को पिछले कई समय से वेतन प्राप्त नहीं हुआ है जिस पर आयुक्त खन्ना ने लखनलाल बैरवा एवं लेखा अधिकारी बाबूलाल बंजारा को निर्देश देते हुए कार्मिकों को समय पर वेतन प्राप्त हो इस हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
अग्निशमन केंद्र का जल्द पूरा हो कार्य
अशोक नगर अग्निशमन केंद्र का निर्माण कार्य प्रगतिरत है लेकिन कार्य बहुत मंद गति से संपन्न किया जा रहा है। जिस पर आयुक्त अभिषेक खन्ना ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्माण कार्य को जल्द से जल्द संपूर्ण करने के निर्देश दिए।
बिखरे सामान को व्यवस्थित करने के दिए निर्देश
निगम आयुक्त द्वारा किए निरीक्षण के दौरान गैराज परिसर में कुछ स्थानों पर सामान बिखरे पड़े नजर आए जिस पर भी आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सामग्री को एक स्थान पर सुव्यवस्थित ढंग से रखा जाए, जिससे कार्यस्थल पर स्वच्छता और कार्यकुशलता बनी रहे।
यह अधिकारी रहे उपस्थित
निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना द्वारा गुरुवार को किए गैराज निरीक्षण के दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी, स्वास्थ्य निरीक्षक सुभाष चंद्र शर्मा आदि उपस्थित रहे।
#Udaipur #RajasthanNews #UdaipurNews #नगरनिगम #MunicipalCorporation #SmartCityUdaipur #LocalGovernance #CivicUpdate #VehicleAuction #UrbanDevelopment #RajasthanUpdates #IndiaNews #PublicAdministration
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
