उदयपुर में महिला फल-सब्जी विक्रेताओं का विरोध, निगम की कार्रवाई के खिलाफ सड़क पर उतरीं महिलाएं
Udaipur Times, Udaipur News: 2 जुलाई 2026। उदयपुर के मुखर्जी चौक स्थित सब्जी मंडी के बाहर वर्षों से फल-सब्जी बेच रही महिला विक्रेताओं को हटाने की नगर निगम की कार्रवाई का बुधवार को विरोध देखने को मिला। पार्किंग स्थल विकसित करने की योजना के तहत निगम इन महिला विक्रेताओं को मंडी परिसर के अंदर शिफ्ट कर रहा है। Udaipur News
बुधवार सुबह नगर निगम की टीम पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची। कार्रवाई का महिलाओं ने विरोध किया और अपनी जगह छोड़ने से इनकार कर दिया। स्थिति को देखते हुए सूरजपोल और धनमंडी थाना पुलिस के साथ डीएसपी भी मौके पर मौजूद रहे। विरोध बढ़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया। Udaipur News
कार्रवाई के दौरान कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष फतेह सिंह राठौड़ और पूर्व पार्षद नजमा मेवाफरोश भी मौके पर पहुंचे और महिला विक्रेताओं के समर्थन में विरोध जताया। इससे पहले निगम की टीम ने सड़क किनारे रखे पत्थर और अन्य सामान को ट्रैक्टर में भरकर हटाया। Udaipur News
कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष फतेह सिंह राठौड़ ने कहा, “नगर निगम पार्किंग के नाम पर करीब 40 वर्षों से यहां फल-सब्जी बेचकर आजीविका चला रही गरीब महिलाओं को हटा रहा है। इस कार्रवाई से 35 से अधिक महिला विक्रेता प्रभावित हो रही हैं।” Udaipur News
पूर्व पार्षद नजमा मेवाफरोश ने कहा, “ये महिलाएं वर्षों से यहां अपना रोजगार कर रही हैं। इनके पुनर्वास की उचित व्यवस्था किए बिना इन्हें हटाना उचित नहीं है।” Udaipur News
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने कहा, “कई वर्षों से इस अत्यंत व्यस्त और संवेदनशील क्षेत्र से अतिक्रमण और अस्थायी दुकानों को हटाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्य सड़क पर लगने वाला यह बाजार यातायात और सुरक्षा की दृष्टि से बड़ी चुनौती बना हुआ है। इसी कारण महिला विक्रेताओं को मंडी परिसर के भीतर निर्धारित स्थान पर शिफ्ट किया जा रहा है।” Udaipur News
