UdaipurTimes | Politics and Analysis: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने संशोधित संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 को मंजूरी दे दी है। इसमें सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में एक समान 50% की वृद्धि का प्रस्ताव है, जिससे निचले सदन की कुल स्वीकृत संख्या बढ़कर 850 सीटें हो जाएगी, जबकि प्रत्येक राज्य के प्रतिनिधित्व की हिस्सेदारी 2051 तक अपरिवर्तनीय रहेगी।
दो-सदनीय व्यवस्था में लोकसभा अतिभारी व राज्यसभा का असर घटेगा
संविधान विशेषज्ञों और संसदीय विश्लेषकों का मानना है कि राज्यसभा की सीटें (अधिकतम 250) अपरिवर्तित रखते हुए केवल लोकसभा की सीटें 850 करने से संस्थागत रूप से राज्यसभा कमजोर हो जाएगी। यानिकि उच्च सदन की महत्ता और प्रभाव घटेगा। लोकसभा की बढ़ी संख्या के सामने राज्यसभा महज नाम मात्र की संवैधानिक संस्था रह जाएगी। जब किसी सामान्य विधेयक पर दोनों सदनों में गतिरोध होता है, तो संविधान के अनुच्छेद 108 के तहत संयुक्त बैठक बुलाई जाती है, जहाँ साधारण बहुमत से फैसला होता है। नई व्यवस्था में यदि विपक्ष के पास राज्यसभा में दो-तिहाई बहुमत भी हो, तब भी केवल 56% लोकसभा सीटों के बल पर सरकार संयुक्त बैठक में किसी भी विधेयक को आसानी से पारित करा लेगी। इससे राज्यों के हितों की रक्षा करने की राज्यसभा की क्षमता कम हो जाएगी। यह प्रस्तावित संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 अनुच्छेद 80 के तहत राज्यसभा की अधिकतम संख्या को 250 ही बनाए रखता है। इससे दोनों सदनों के बीच का शक्ति संतुलन कई तरीकों से प्रभावित होगा। बदलाव के बाद वर्तमान में लोकसभा और राज्यसभा की सीटों का अनुपात लगभग 2.2 : 1 है, जो लोकसभा में 815-850 सीटें होने पर बदलकर 3.3:1 हो जाएगा। साथ ही राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति के चुनाव को प्रभावित करेगी । मसलन उपराष्ट्रपति का चुनाव केवल लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य मिलकर करते हैं। वर्तमान में कुल वोटों में राज्यसभा सांसदों की हिस्सेदारी लगभग 31% है, जो लोकसभा की सीटें बढ़ने के बाद घटकर लगभग 23% रह जाएगी।
नई व्यवस्था में राज्यों की आवाज़ कमजोर होने की चिंता भी है। कई जानकारों व् संवैधानिक विशेषज्ञों का कहना है कि 'राज्यों के सदन' (Council of States) के रूप में राज्यसभा को एक संतुलनकारी शक्ति के रूप में बनाया गया था। एक सदन को डेढ़ गुना बड़ा करना और दूसरे को वहीं रोक देना संसद के द्विसदनीय संतुलन के मूल सिद्धांत से दूर ले जाता है और लोकसभा को शक्तिशाली बनाता है (हालांकि, धन विधेयक और संविधान संशोधन विधेयकों—जहां अलग-अलग दो-तिहाई बहुमत जरूरी होता है, राज्यसभा की शक्तियां पहले जैसी ही बनी रहेंगी।). फिर भी यह मानना पड़ेगा कि राज्यसभा का कमजोर होना संविधान की मूल भावना के विरुद्ध है.
राष्ट्रपति व उपराष्ट्रपति के चुनाव पर प्रभाव
राष्ट्रपति चुनाव के राष्ट्रपति निर्वाचक मंडल में भी सांसदों के वोटों का मूल्य राज्यों के विधायकों के कुल वोटों के बराबर रखा जाता है। चूंकि विधेयक में विधानसभाओं की सीटें भी 50% बढ़ाने का प्रस्ताव है, इसलिए कुल मिलाकर राज्यसभा के एक सांसद का सापेक्ष राजनीतिक प्रभाव आज के सामने कम हो जाएगा। यह नयी व्यवस्था अप्रत्यक्ष रूप से विधायकों की बढ़ती ताकत दर्शाती है, चूंकि राज्यसभा के सदस्यों का चुनाव राज्यों की विधानसभाओं के विधायक करते हैं, और इस विधेयक में विधानसभाओं की अधिकतम सीटें 500 से बढ़ाकर 650 की जा रही हैं, इसलिए भविष्य में अधिक विधायक मिलकर उतने ही राज्यसभा सांसद यानि कि 250 ही चुनेंगे।
राष्ट्रपति चुनाव:
राष्ट्रपति के निर्वाचक मंडल) में भी सांसदों के वोटों का मूल्य राज्यों के विधायकों के कुल वोटों के बराबर रखा जाता है। चूंकि विधेयक में विधानसभाओं की सीटें भी 50% बढ़ाने का प्रस्ताव है, इसलिए कुल मिलाकर राज्यसभा के एक सांसद का सापेक्ष राजनीतिक प्रभाव कम हो जाएगा।
दुनिया का सबसे बड़ा लोवर हाउस पर गुणवत्ता पर प्रश्न चिन्ह
850 सदस्यों के साथ भारत की लोकसभा दुनिया की सबसे बड़ी प्रत्यक्ष रूप से निर्वाचित विधायी संस्था बन जाएगी, जिससे कार्यवाही पर दो तरह के असर दिख सकते हैं। इससे चर्चा की गहराई और बोलने के समय में कमी रहेगी वर्तमान में 543 सांसदों के साथ भी संसद सत्रों में अक्सर शोरगुल और समय की कमी रहती है। जब सदस्यों की संख्या 50% बढ़ जाएगी, लेकिन संसद की बैठक के दिन (औसतन 60–70 दिन प्रति वर्ष) उतने ही रहेंगे, तो प्रत्येक सांसद को अपने क्षेत्र के मुद्दे उठाने या विधेयकों पर बहस करने के लिए मिलने वाला समय और कम हो जाएगा। इससे बहस की गुणवत्ता और सरकार की जवाबदेही कमजोर होने की आशंका है। सकारात्मक पहलु यह कि भारत की आबादी के अनुपात में एक सांसद पर 20 से 30 लाख लोगों का बोझ है, जो लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व के लिए बहुत अधिक है। सीटें बढ़ने से संसदीय क्षेत्र छोटे होंगे, सांसदों की जनता तक पहुंच आसान होगी और 33% महिला आरक्षण लागू होने से महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी। फिर भी कार्यक्षमता पर सदस्य संख्या अधिक होने से विपरीत असर पड़ेगा
एक नया VIP कल्चर वाला ग्रुप उत्पन्न होगा
नेताओं की सख्या में वर्द्धि होगी। विश्लेषकों और प्रशासनिक विशेषज्ञों के अनुसार, लोकसभा और विधानसभाओं की सीटें बढ़ने से देश में 'VIP कल्चर' और प्रोटोकॉल का दायरा बढ़ना लगभग तय है। इससे लगभग 272 नए लोकसभा सांसद और देश भर में 2,000 से अधिक नए विधायक जुड़ेंगे, तो इसका सीधा असर प्रशासनिक अमले और आम नागरिक के दैनिक जीवन पर दिखेगा। प्रोटोकॉल सूची में बढ़ोतरी, भारत की आधिकारिक वरीयता सूची में सांसदों और विधायकों को विशेष प्रोटोकॉल प्राप्त होता है। एक साथ हज़ार नए जनप्रतिनिधि बढ़ने से जिला प्रशासन, पुलिस और रेलवे-एयरपोर्ट प्राधिकरणों पर प्रोटोकॉल निभाने का दबाव काफी बढ़ जाएगा। प्रत्येक नए सांसद और विधायक को बुनियादी सुरक्षा प्रदान की जाती है, और संवेदनशील क्षेत्रों में यह सुरक्षा और बढ़ जाती है। इससे पहले से ही कमी झेल रहे राज्य पुलिस बलों के हजारों जवान केवल जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा और एस्कॉर्ट में लग जाएंगे, जिससे आम कानून-व्यवस्था के लिए उपलब्ध पुलिस बल कम होगा। दिल्ली के लुटियंस ज़ोन और आसपास के इलाकों में लगभग 272 नए सांसदों के लिए सरकारी बंगलों या फ्लैटों, कार्यालयों और स्टाफ क्वार्टरों की व्यवस्था करनी होगी।
सरकारी खजाने पर आर्थिक प्रभाव
सरकारी तिजोरी पर इसके आर्थिक प्रभाव भी पड़ेंगे
राज्यों की राजधानियों में नए विधायकों के आवास को लेकर नयी व्यवस्था करनी होगी। साथ ही यात्रा और अन्य सुविधाएं मुहैया करनी होगी जैसे हवाई अड्डों पर वीआईपी लाउंज, ट्रेनों में कोटा, टोल प्लाजा पर छूट और सरकारी गेस्ट हाउसों में प्राथमिकता जैसी सुविधाओं का उपयोग करने वालों की संख्या डेढ़ गुना हो जाएगी। यानिकि लोकसभा के सदस्यों की संख्या 543 से बढ़कर 850 होने से संसद की कार्यवाही में व्यक्तिगत सांसदों के बोलने का समय और कम हो जाएगा, जबकि सरकारी खजाने पर सालाना लगभग ₹1,500 करोड़ से ₹2,000 करोड़ (अंदाजित - वास्तविक अभी जानना कठिन) से अधिक का अतिरिक्त बोझ पड़ने का अनुमान है। सांसद का वेतन ₹1.24 लाख + ₹87,000 निर्वाचन क्षेत्र भत्ता + ₹75,000 कार्यालय भत्ता (कुल ₹2.86 लाख/माह) (सत्र के दैनिक भत्ते ₹2,500/दिन अलग से) व सांसद निधि प्रत्येक सांसद को विकास कार्यों के लिए ₹5 करोड़ प्रति वर्ष साथ ही अन्य सुविधाएं मसलन आवास, यात्रा, सुरक्षा, स्टाफ, बिजली-पानी और सत्र संचालन का दैनिक खर्च संसद सत्र के दौरान प्रतिदिन लगभग ₹3 करोड़ का अतिरिक्त संचालन खर्च भी होगा । इस विधेयक में राज्यों की विधानसभाओं की सीटें भी 50% तक बढ़ाने का प्रावधान है, जिससे देश भर में 2,000 से अधिक नए विधायक जुड़ेंगे, जिसका खर्च राज्यों के खजाने पर अलग से पड़ेगा । एक और नए सरकारी कर्मचारी की भर्ती में कमी की गयी जिससे वेतन और पेंशन के खर्च को कम किया जा सके इसके विपरीत विधायिका की साइज बढ़ाना दोनों एक दूसरे के विपरीत कदम है । कई सरकारी पदों पर संविदा पर नियुक्त कर्मचारी धन बचाने के उद्देश्य से नियुक्त है .सरकार की सेना में अग्निवीर योजना लागु करने का एक कारन पेंशन के मद में खर्चा घटाने का भी है । इस तरह एक तरफ इकॉनमी बरती जा रही है और यहाँ तिजोरी पर एक नया बोझ लाने की तैयारी है.
नेताओं की महत्ता घटेगी भी
चुने हुवे प्रतिनिशियों की संख्या में वर्द्धि से जनप्रतिनिधियों का 'अति-सामान्यीकरण' हो जायेगा । कई प्रशासनिक विशेषज्ञों का यह भी मानना है कि इसका एक विपरीत मनोवैज्ञानिक असर भी हो सकता है। इससे सत्ता और रुतबे का बंटवारा होगा व क्लेश भी होगा. अभी एक जिले या बड़े क्षेत्र में एक ही सांसद होता है, जिससे उसका राजनीतिक कद और दबदबा होता है। जब क्षेत्र छोटे होंगे और सांसदों-विधायकों की संख्या 50% बढ़ जाएगी, तो स्थानीय स्तर पर किसी एक नेता का एकाधिकार कम होगा, इससे संघर्ष व प्रतिस्पर्धा दोनों बढ़ेगी । सकारात्मक पहलु यह भी कि छोटा निर्वाचन क्षेत्र होने के कारण सांसद अपने मतदाताओं के अधिक करीब रहेंगे, जिससे आम लोगों के लिए अपने प्रतिनिधि से मिलना आसान हो सकता है और 'बड़े नेता' वाली दूरी कुछ हद तक कम हो सकती है।
संसद चलाना अति कठिन होगा:
यदि पिछले 25 साल का इतिहास देखें तो संसद ने काफी समय गतिरोध में खोया है । कार्यवाही चलती नहीं है और विरोध व शोरगुल के चलते सदन बार बार स्थगित होता रहा है । यानि कि 543 सदस्यों के सदन का चलना कठिन हो जाता है तो एक अध्यक्ष के लिए 850 सांसदों के सदन को चलाना व प्रत्येक को अपनी बात रखना व विचारो को व्यक्त करना बहुत कठिन हो जायेगा। वैसे नए संसद भवन के लोकसभा कक्ष में पहले से ही 888 सदस्यों के बैठने की क्षमता बनाई गई है।
सरकार का दूसरा प्रयास और राजनैतिक नफे-नुक्सान के अनुसार बिखरे विपक्ष का स्टैंड
एक असफल प्रयास के बाद सरकार फिर ताल ठोंक कर सामने आयी है और दो- तिहाई बहुमत हेतु उसके सम्बल बनी डी एम के, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी व YSR कांग्रेस । कयास लगाये जा रहे है की सुप्रिया सुले केंद्रीय मंत्रिमंडल में जा सकती है । यदि ऐसा है तो सत्ता का वनवास भोग रही डी एम के, जिसका कांग्रेस ने साथ छोड़ दिया वह भी बिल में साथ देकर केंद्र की सत्ता में भागिदार बन सकती है । इंडिया गठबंधन की DMK को मनाने का प्रयास भी कई नेताओं की चेन्नई में बैठक के बाद भी असफल हो गया. राजनीति अवसर का खेल है और इसमें पार्टियां अपने अस्तित्त्व, रुतबे व सत्ता के लिए फैसले करती है और किसी भी मुद्दे के गुण- दोष बाद में देखे जाते है. विरोध करने वाले इंडिया ब्लॉक के राजनैतिक दल आसाम और कश्मीर में परिसीमन का उदारहण देते हुवे कहते है कि परिसीमन सत्ताधारी दल के राजनैतिक लाभ से प्रेरित है। पाठक स्वयं फैसला करें कि वे इस परिवर्तन को किस तरह देखते हैं।
अस्वीकरण: उदयपुर टाइम्स किसी राजनैतिक विचारधारा का समर्थन नहीं करता, यह लेखक के अपने विचार है।