गीतांजलि में ASSOPICON 2026 मे देशभर के विशेषज्ञों ने फिजियोलॉजी में नवीन शोध एवं चिकित्सा शिक्षा पर किया मंथन

 | 
GMCH

 

Udaipur Times, GMCH: गीतांजलि मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, गीतांजलि यूनिवर्सिटी, उदयपुर में आयोजित एसोसिएशन ऑफ फिजियोलॉजिस्ट्स ऑफ इंडिया (ASSOPI) के 12वें वार्षिक सम्मेलन ASSOPICON 2026 का शुक्रवार को सफल समापन हुआ।

6 से 9 अक्टूबर तक आयोजित इस चार दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर से प्रख्यात फिजियोलॉजिस्ट, चिकित्सा शिक्षाविद्, शोधकर्ता, चिकित्सक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने भाग लिया।सम्मेलन का मुख्य विषय “Physiology Across the Spectrum: Molecules, Medicine and Mind-Body Health” रहा।

सम्मेलन का आयोजन गीतांजलि मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के शरीर क्रिया विज्ञान विभाग द्वारा एसोसिएशन ऑफ फिजियोलॉजिस्ट्स ऑफ राजस्थान के सहयोग से किया गया। आयोजन अध्यक्ष डॉ. मंजिंदर कौर एवं आयोजन सचिव डॉ. नरेन कुर्मी के नेतृत्व में आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य फिजियोलॉजी के क्षेत्र में नवीन शोध, चिकित्सा शिक्षा और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं को प्रोत्साहित करना रहा।

7 अक्टूबर को आयोजित उद्घाटन समारोह में गीतांजलि ग्रुप के चेयरमैन श्री जे. पी. अग्रवाल मुख्य अतिथि रहे। इस अवसर पर गीतांजलि ग्रुप के कार्यकारी निदेशक अंकित अग्रवाल, गीतांजलि यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष डॉ. आर. के. व्यास, गीतांजलि मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल की डीन डॉ. संगीता गुप्ता तथा विशेष अतिथि डॉ. दिनेश बड्याल सहित ASSOPI के राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

सम्मेलन के अंतर्गत दस प्री-कॉन्फ्रेंस कार्यशालाओं और नौ कैफे कॉर्नर के माध्यम से प्रतिभागियों को अनुसंधान पद्धति, एक्सरसाइज फिजियोलॉजी, लाइफस्टाइल मेडिसिन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऑटोनॉमिक फंक्शन टेस्टिंग, योग एवं ध्यान सहित विभिन्न विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। वैज्ञानिक सत्रों में चिकित्सा शिक्षा, न्यूरोफिजियोलॉजी, निद्रा विज्ञान, उच्च पर्वतीय शरीर क्रिया विज्ञान, हृदय एवं श्वसन संबंधी कार्यप्रणाली तथा आधुनिक नैदानिक तकनीकों पर विशेषज्ञों ने विचार साझा किए।

सम्मेलन में योग, ध्यान एवं मन-शरीर के समग्र स्वास्थ्य पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही शोध-पत्र प्रस्तुतियों, पोस्टर प्रतियोगिता, फैकल्टी अवॉर्ड पेपर और स्नातकोत्तर क्विज के माध्यम से शोधकर्ताओं एवं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। सम्मेलन के दौरान विजयगढ़ पैलेस, टाइगर हिल्स में सांस्कृतिक संध्या एवं गाला डिनर का आयोजन भी किया गया।

9 अक्टूबर को आयोजित समापन समारोह में शोध-पत्र, पोस्टर एवं क्विज प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। आयोजन अध्यक्ष डॉ. मंजिंदर कौर ने सभी आमंत्रित विशेषज्ञों, प्रतिनिधियों, ASSOPI पदाधिकारियों, आयोजकों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगी कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

ASSOPICON 2026 ने फिजियोलॉजी में वैज्ञानिक अनुसंधान, नवाचारी चिकित्सा शिक्षा और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के विकास के लिए राष्ट्रीय स्तर पर शैक्षणिक सहयोग को नई दिशा प्रदान की।

 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News