Bhilwara: गंगापुर को GMCH की बड़ी सौगात

डेढ़ करोड़ की विज्ञान प्रयोगशाला का लोकार्पण
 | 

भीलवाड़ा 13 मई 2026। ज़िले के गंगापुर में गीतांजलि मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल उदयपुर की ओर से पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गंगापुर में लगभग डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से निर्मित अत्याधुनिक विज्ञान प्रयोगशाला भवन का भव्य लोकार्पण किया गया। 

कार्यक्रम में गीतांजलि ग्रुप के चेयरमैन जेपी अग्रवाल, गीता देवी अग्रवाल एवं एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अंकित अग्रवाल ने फीता काटकर विज्ञान प्रयोगशाला भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर गंगापुर सहित आसपास के सर्व समाज द्वारा जेपी अग्रवाल का अभूतपूर्व स्वागत एवं सम्मान किया गया। समारोह की सबसे भावुक और आकर्षक झलक उस समय देखने को मिली जब चेयरमैन जेपी अग्रवाल अपने बचपन के सहपाठियों से मिले और वर्षों पुरानी यादें ताजा की। 

विद्यालय परिसर में अपने छात्र जीवन की स्मृतियों को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि गंगापुर की मिट्टी और यहां की शिक्षा ने ही उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है। आयोजन समिति अध्यक्ष एडवोकेट कैलाश मेहता के साथ जेपी अग्रवाल ने अपने स्कूली जीवन के गुरुजनों का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। 

समारोह को संबोधित करते हुए चेयरमैन जेपी अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा ही जीवन का सबसे बड़ा आधार है। गंगापुर की इस विद्यालय में पढ़कर मैंने जीवन में आगे बढ़ना सीखा। व्यक्ति चाहे कितना भी बड़ा क्यों न बन जाए, उसे अपनी मातृभूमि और अपने विद्यालय को कभी नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए गीतांजलि ग्रुप हर संभव सहयोग करेगा। आने वाले समय में पीएम श्री विद्यालय सहित बालिका विद्यालय में भी विभिन्न विकास कार्य करवाए जाएंगे ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक शिक्षा सुविधाएं मिल सकें।

समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित राज्यपाल के सलाहकार कैलाश सोडानी ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने गीतांजलि ग्रुप द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के लिए किए जा रहे योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास अन्य संस्थानों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि जब उद्योग और समाजसेवी संस्थाएं शिक्षा से जुड़ती हैं तो ग्रामीण प्रतिभाओं को नई उड़ान मिलती है। गंगापुर में आधुनिक विज्ञान प्रयोगशाला का निर्माण निश्चित रूप से विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देगा। समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। 

#Bhilwara #Gangapur #GMCH #GeetanjaliGroup #ScienceLab #Education #RajasthanNews #JPAgrawal #PMShriSchool #RuralEducation #SchoolInfrastructure #BhilwaraNews

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal