उदयपुर में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई प्रभावित
उदयपुर 11 मार्च 2026। कमर्शियल और घरेलू गैस सिलेंडरों की सप्लाई प्रभावित होने लगी है। कई जगहों पर जहां सिलेंडर उपलब्ध हैं, वहां ब्लैक मार्केटिंग के आरोप भी सामने आ रहे हैं। उदयपुर शहर में प्रतिदिन करीब 1000 से 1200 कमर्शियल गैस सिलेंडरों की खपत होती है, लेकिन फिलहाल उनकी सप्लाई बंद हो गई है। इसका सबसे ज्यादा असर होटल, रेस्टोरेंट, अस्पतालों की कैंटीन और हॉस्टलों पर देखने को मिल रहा है। यह समस्या उदयपुर में 4 मार्च से बनी हुई है।
उदयपुर LPG फेडरेशन के सचिव सुनील जोशी ने बताया कि 4 मार्च से यह संकट बना हुआ है। वर्तमान में चल रही युद्ध जैसी स्थिति के कारण होर्मुज समुद्री मार्ग से गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसके चलते LPG की कमी हो गई है। उन्होंने बताया कि फिलहाल सरकार के पास लगभग 45 दिन का स्टॉक मौजूद है। सरकार की प्राथमिकता अभी घरेलू उपभोक्ता हैं, इसलिए कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई सीमित कर दी गई है।
जोशी ने कहा कि होटल और रेस्टोरेंट संचालक लगातार गैस एजेंसियों से संपर्क कर रहे हैं, लेकिन कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई नहीं होने के कारण एजेंसियां उन्हें उपलब्ध नहीं करा पा रही हैं।
उन्होंने घरेलू उपभोक्ताओं से घबराने की जरूरत नहीं बताई। लोगों को समझना चाहिए कि अगर आज उन्हें गैस सिलेंडर मिला है तो अगली सप्लाई लगभग 25 दिन बाद मिलेगी। घरों तक गैस सिलेंडर की आपूर्ति जारी रहेगी और फिलहाल घरेलू उपभोक्ताओं को कोई परेशानी नहीं होगी।
हालांकि इस कमी के कारण शहर के होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के साथ-साथ कैंटीन संचालकों के सामने गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। कई प्रतिष्ठानों के पास फिलहाल केवल शाम तक का ही स्टॉक बचा है। अगर जल्द ही नए सिलेंडरों की सप्लाई नहीं हुई तो संचालन करना मुश्किल हो सकता है। वैकल्पिक व्यवस्थाओं की तैयारी की जा रही है, लेकिन इस कमी के कारण शादियों और बड़े आयोजनों में भी परेशानियां खड़ी हो रही हैं।
#Udaipur #UdaipurNews #RajasthanNews #LPGShortage #GasCylinder #CommercialLPG #UdaipurHotels #RestaurantIndustry #HospitalCanteen #UdaipurUpdates #RajasthanBusiness #EnergySupply #HospitalityIndustry #BreakingNewsUdaipur #LocalNewsUdaipur
