उदयपुर के 'रियल लाइफ हीरो' लक्षित परमार का सम्मान

100% अंक लाने वाले लक्षित परमार को पेनेशिआ डिसेबिलिटी राइट्स और अर्थ डायग्नोस्टिक्स ने सराहा

 | 

उदयपुर 27 अप्रैल 2026। होनहार छात्र लक्षित परमार ने शारीरिक बाधाओं को अपनी बौद्धिक क्षमता के आगे बौना साबित कर दिया है। सेरेब्रल पाल्सी जैसी गंभीर स्थिति से जूझने के बावजूद, लक्षित ने राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) की 10वीं कक्षा (दिव्यांग श्रेणी) में 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उनकी इस अभूतपूर्व सफलता पर अर्थ डायग्नोस्टिक सेंटर में एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

समारोह में अर्थ डायग्नोस्टिक सेंटर के सीईओ (CEO) और पेनेशिआ डिसेबिलिटी राइट्स एक्टिविस्ट्स के अध्यक्ष डॉ अरविंदर सिंह  ने लक्षित को उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि लक्षित की सफलता केवल एक व्यक्तिगत जीत नहीं है, बल्कि यह उन लाखों दिव्यांग बच्चों के लिए प्रेरणा है जो अपनी शारीरिक सीमाओं से ऊपर उठकर कुछ बड़ा करना चाहते हैं।

बिस्तर पर लेटकर की पढ़ाई, अब सपना है 'कलेक्टर' बनना 

लक्षित के पिता दिनेश कुमार परमार ने भावुक होते हुए बताया कि लक्षित अपने हाथ-पैर से काम नहीं कर सकता और उसे गोद में उठाकर स्कूल ले जाना पड़ता था। यहाँ तक कि वह अपना नाम भी खुद नहीं लिख पाता, जिसके लिए बोर्ड परीक्षा में उसे 'राइटर' की मदद लेनी पड़ी। लेकिन उसकी इच्छाशक्ति इतनी प्रबल है कि वह रोजाना 3-4 घंटे पढ़ाई करता था और उसे एटॉमिक हैबिट्स जैसी प्रेरणादायक किताबें पढ़ने का शौक है। लक्षित अब भविष्य में सिविल सर्विसेज की तैयारी कर देश की सेवा करना चाहता है।

अतीत को भूल भविष्य पर केंद्रित रहने का दिया संदेश सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए लक्षित ने एक अत्यंत प्रेरणादायक संदेश दिया। 

लक्षित ने कहा "हमें इस बात पर दुखी नहीं होना चाहिए कि अतीत में हमारे साथ क्या हुआ या हमारे पास क्या नहीं है। हमें केवल अपने भविष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए और अपनी मेहनत से हमेशा चमकते रहना चाहिए।" उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर इरादे मजबूत हों, तो कोई भी शारीरिक बाधा आपको आगे बढ़ने से नहीं रोक सकती।

पेनेशिआ डिसेबिलिटी राइट्स एक्टिविस्ट्स के अध्यक्ष ने इस दौरान कहा "लक्षित जैसे मेधावी छात्र समाज की सोच बदलने की ताकत रखते हैं। हमारा संगठन इनके अधिकारों और बेहतर भविष्य के लिए सदैव तत्पर है। लक्षित को उदयपुर का गौरव बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News