उत्साह और रौनक के साथ बोहरा समाज ने मनाया ईद मिलादुन्नबी का जश्न
नात और क़सीदे से सज़ी महफ़िल ए मिलाद
उदयपुर 4 सितंबर 2025। बोहरा समाज ने मिस्री इस्लामी कैलेंडर के मुताबिक रबी उल अव्वल की 12वीं तारीख को ईद मिलादुन्नबी का जश्न श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया।

बुधवार रात छोटी बोहरवाड़ी स्थित खानपुरा मस्जिद में महफ़िल-ए-मिलाद आयोजित हुई। इस अवसर पर असरार अहमद जावरियावाला एंड पार्टी, मुजम्मिल के आर एंड पार्टी, सरफ़राज मुहिब एंड पार्टी सहित कई नातख्वानों ने हज़रत मुहम्मद साहब (स.अ.व.) की शान में नात और क़सीदे पेश किए। जनाब अली असगर खिलौनावाला ने रसूल-ए-पाक की जीवनी और व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। महफ़िल के बाद मस्जिद कमेटी खानपुरा की ओर से तबर्रुक वितरित किया गया।

इस अवसर पर बोहरा समाज की मस्जिदें खानपुरा, रसूलपुरा, वज़ीहपुरा, मोइयदपुरा, चमनपुरा, खारोल कॉलोनी, खांजीपीर तथा दाऊदी बोहरा जमात कार्यालय रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठे। वहीं गुरुवार शाम बोहरवाड़ी स्थित जमातख़ाना में सामूहिक नियाज़ का आयोजन किया गया। यह जानकारी प्रवक्ता मंसूर अली ओडा वाला ने दी।
#EidMiladUnNabi #Udaipur #BohraCommunity #DawoodiBohra #UdaipurEvents #IslamicFestivals #RabiUlAwwal #UdaipurNews #UdaipurTime #BohraYouth #BohraReformist