केंद्रीय जेल में कृष्ण जन्माष्टमी को सांस्कृतिक कार्यक्रम
उदयपुर 16 अगस्त 2025। उत्साह और श्रद्धा के साथ जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन इस बार जिला जेलों और केंद्रीय जेलों में भी देखने को मिला। उदयपुर केंद्रीय जेल में कृष्ण जन्माष्टमी को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ धूमधाम से मनाया गया। कैदियों ने भगवान कृष्ण की लीलाओं पर आधारित नाटक मंचित किया। इसमें भगवान की बाल लीलाओं की प्रस्तुति दी गई।
जेल अधीक्षक राजपाल सिंह ने बताया कि पहले भी जेल प्रशासन द्वारा जन्माष्टमी का पर्व मनाया जाता रहा है, लेकिन इस वर्ष विशेष आयोजन किया गया। इसमें कृष्ण जन्म की झांकी से लेकर नंद बाबा के घर पहुंचने तक की प्रस्तुति कैदियों ने ही दी, जिसका प्रशिक्षण भी जेल परिसर में कराया गया। इसके अतिरिक्त कैदियों द्वारा ‘सुदामा और कृष्ण मिलन’ पर आधारित एक लघु नाटिका भी प्रस्तुत की गई।
इस अवसर पर संभागीय आयुक्त प्रभा गौतम ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और कैदियों के साथ मिलकर उनके उत्साह को बढ़ाया। उन्होंने कहा कि जेल में इतना सुंदर और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाना सराहनीय कदम है। यह भारत की सांस्कृतिक विविधता में एकता का प्रतीक है। हमारा देश विभिन्न जातियों और धर्मों के लोग मिलकर एक साथ रहते हैं। यदि हम सब हिंदू, मुस्लिम, सिख आदि मिलकर एक-दूसरे के त्योहारों को मनाते हैं तो यह हमारी अखंडता और एकता को और मजबूती प्रदान करता है।